गुवाहाटी: असम पुलिस ने अवैध घुसपैठ को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने धुबरी जिले में बिना वैध दस्तावेजों के भारत में दाखिल होने के आरोप में बांग्लादेश के 36 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए सभी 36 लोग बांग्लादेश के राजशाही रीजन के चपाई नवाबगंज जिले के रहने वाले हैं। उधर, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने साफ कहा है कि राज्य घुसपैठियों के लिए कोई पनाहगाह नहीं है। सभी अवैध प्रवासियों को उनके देश भेजा जाएगा।
असम पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि अगले कुछ दिनों में जिले के रास्ते बड़ी संख्या में बांग्लादेशी नागरिकों को भारत में प्रवेश कराया जा सकता है। उन्होंने बताया कि गुरुवार देर रात करीब दो से ढाई बजे हमें पुख्ता सूचना मिली कि घुसपैठिये धुबरी में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे हैं। हमें उनके आने के रास्ते की जानकारी नहीं थी।
बांग्लादेश में कहां के रहने वाले हैं पकड़े गए लोग
पुलिस ने बताया कि हमें आशंका थी कि वे नदी के रास्ते आ सकते हैं। इसके मद्देनजर हमारे जवानों को ब्रह्मपुत्र नदी के जोगमाया फेरी घाट पर तैनात किया गया। वहां से बांग्लादेश के 36 नागरिकों को हिरासत में लिया गया। अधिकारी ने बताया कि सभी 36 लोग बांग्लादेश के राजशाही रीजन के चपाई नवाबगंज जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि इन नागरिकों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। उनसे पूछताछ भी की जा रही है। मामले की जानकारी बाद में सामने आएगी।



















