जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित एक होटल में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के बेड पर पड़ा मिला। मृतक की पहचान नांगल सुसावतान निवासी 34 वर्षीय रवि मीणा के रूप में हुई है। घटना दिल्ली रोड स्थित आमेर-कुंडा के ‘होटल मून महल’ की है, जहां रवि विराटनगर निवासी एक युवती के साथ रुका हुआ था। शुक्रवार दोपहर करीब 11 बजे युवती ने कमरे में रवि की लाश देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी।
चोरी के मामले में हाल ही में जेल से आया था बाहर
आमेर थानाधिकारी (SHO) राजेंद्र गोदारा ने बताया कि मृतक रवि मीणा चोरी के आरोप में जेल में बंद था और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि होटल का कमरा मूल रूप से युवती और एक अन्य युवक ने किराए पर लिया था। वह युवक गुरुवार को चला गया, जिसके बाद रवि होटल में पहुँचा।
नाक से निकल रहा था खून, ओवरडोज की आशंका
सूचना मिलने पर आमेर थाना पुलिस और FSL (फॉरेंसिक) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस जब कमरे में दाख़िल हुई तो रवि का शव बेड पर पड़ा था और उसके नाक से खून बह रहा था। FSL टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, गुरुवार रात रवि और युवती दोनों ने नशा किया था। इसके बाद युवती सो गई, जबकि अत्यधिक मात्रा में नशा करने (ओवरडोज) के कारण रवि की मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
पुलिस ने शव को आमेर सैटेलाइट हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। आमेर थाना पुलिस का कहना है कि मौत के असली कारणों का सटीक खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल मामले की गहनता से जांच जारी है।



















