जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता अधिवक्ता भगवानू नायक ने अपने पद और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पार्टी सुप्रीमो डॉ. रेणु जोगी को अपना त्यागपत्र सौंपा। नायक ने इस्तीफे के पीछे निजी कारण बताते हुए कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में उनके लिए पार्टी को पर्याप्त समय देना संभव नहीं है। उन्होंने अपने पत्र में अजीत जोगी के साथ बिताए समय को राजनीतिक जीवन का अहम अध्याय बताया और अमित जोगी के सहयोग व सम्मान के लिए आभार जताया। साथ ही स्पष्ट किया कि उनका फैसला किसी नाराजगी या मतभेद के कारण नहीं है।

मुख्य प्रवक्ता पद और पार्टी की सदस्यता छोड़ी

भगवानू नायक ने अपने त्यागपत्र में स्पष्ट किया है कि वे स्वेच्छा से मुख्य प्रवक्ता पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह फैसला निजी कारणों से लिया गया है। वर्तमान परिस्थितियों में पार्टी की जिम्मेदारियों के लिए पर्याप्त समय निकाल पाना उनके लिए संभव नहीं हो रहा था।

रेणु जोगी को सौंपा इस्तीफा

नायक ने अपना त्यागपत्र जनता कांग्रेस की सुप्रीमो डॉ. रेणु जोगी को सौंपा है। उनके इस्तीफे से पार्टी को संगठनात्मक स्तर पर झटका लगा है। हालांकि, उन्होंने अपने पत्र में किसी तरह की नाराजगी, शिकायत या पार्टी के नेताओं से मतभेद का उल्लेख नहीं किया है।

अजीत जोगी के साथ बिताए समय को बताया खास

अपने इस्तीफे में भगवानू नायक ने छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री और जनता कांग्रेस के संस्थापक स्वर्गीय अजीत जोगी के साथ बिताए समय को अपने सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन का महत्वपूर्ण अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि अजीत जोगी के सानिध्य में उन्हें राजनीति, जनसेवा और छत्तीसगढ़ के हितों के लिए आवाज उठाने की सीख मिली।

अमित जोगी के प्रति जताया आभार

भगवानू नायक ने पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष अमित जोगी के प्रति भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अमित जोगी ने उन्हें छोटे भाई की तरह सम्मान, सहयोग और विश्वास दिया। नायक ने स्पष्ट किया कि पार्टी का पद और सदस्यता छोड़ने के बावजूद जोगी परिवार के प्रति उनका सम्मान और व्यक्तिगत संबंध पहले की तरह बने रहेंगे।

कार्यकर्ताओं और जनता का जताया आभार

नायक ने अपने पत्र में पार्टी के कार्यकर्ताओं, मीडिया जगत और छत्तीसगढ़ की जनता से मिले सहयोग और सम्मान के लिए धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि वे बिना किसी कटुता, शिकायत या व्यक्तिगत मतभेद के पार्टी से अलग हो रहे हैं। फिलहाल उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30