चूरू | हरियाणा में एक युवक की गोली मारकर हत्या करने के बाद शव राजस्थान के चूरू जिले की सादुलपुर तहसील क्षेत्र के गांव सूरतपुरा की रोही में स्थित जोहड़ में फेंकने का मामला सामने आया है। शनिवार को घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर एएसपी रिछपाल सिंह चारण, डीएसपी हरि सिंह धायल तथा थानाधिकारी राजेश कुमार सिहाग पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

प्रारंभिक जांच में युवक की सीने में गोली मारकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। मृतक की पहचान हरियाणा के विदवान गांव निवासी अनिल उर्फ मोलड़ (32) के रूप में हुई है। सूचना पर हरियाणा पुलिस भी मौके पर पहुंची तथा मृतक की पहचान और घटनाक्रम से संबंधित जानकारी जुटाई। मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे।

थानाधिकारी सिहाग ने बताया कि परिजनों के अनुसार अनिल कुमार को कोई व्यक्ति घर से बुलाकर ले गया था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। आशंका है कि युवक को किसी अन्य स्थान पर ले जाकर गोली मारकर हत्या की गई और शव को सूरतपुरा गांव के बाहर स्थित जोहड़ में फेंक दिया गया।

उन्होंने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से मामला दर्ज करवाने के लिए लिखित शिकायत नहीं दी गई है। हत्या के कारणों और किसी रंजिश सहित अन्य पहलुओं का खुलासा मामला दर्ज होने तथा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

सीमा पार वारदात से उठे सवाल

हरियाणा निवासी युवक की हत्या कर शव राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्र में फेंके जाने की घटना से पुलिस के सामने कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस दोनों राज्यों के बीच घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। अब जांच के बाद ही हत्या की वजह और वारदात में शामिल आरोपियों या किसी गिरोह अथवा गैंगस्टर से उनके संबंधों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30