जम्मू-कश्मीर- किश्तवाड़ जिले में बुधवार दोपहर गोलीबारी की आवाज सुनाई देने के बाद दो स्पेशल पुलिस अधिकारी (SPO) लापता हो गए थे. वे मरवाह इलाके के देहरना जंगल में गए थे. गुरुवार (12 नवंबर) को तलाशी अभियान के दौरान दोनों के शव दाचन के जंगल में मिले. उनके शरीर पर गोलियों के निशान थे. दोनों की हत्या की गई है.

दोनों पुलिसकर्मियों को अगवा कर उनकी हत्या करने वाले आतंकियों की तलाश में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है. सुरक्षा बल जंगलों में तलाशी अभियान चला रहे हैं. इंडिया टुडे के सूत्रों के मुताबिक, दोनों पुलिसकर्मियों के शव उस जगह से करीब 2 किलोमीटर दूर मिले, जहां से वे लापता हुए थे. दोनों को कई गोलियां मारी गई थीं. उनके सर्विस हथियार भी गायब हैं. आशंका है कि हत्या के बाद हमलावर उनके हथियार अपने साथ ले गए.

जंगल के रास्ते जा रहे थे दोनों SPO, गोलीबारी की खबर मिलते ही पहुंची पुलिस टीम

दोनों SPO की पहचान 45 साल के ऋषिपाल सिंह और 57 साल के बॉबी चंद के रूप में हुई है. दोनों इंदरवान इलाके के ऊपरी हिस्से में देहरना से बसनान जा रहे थे. वे कियार दाचन से निकले थे. इसी दौरान इलाके में गोलीबारी की खबर मिली. इसके बाद स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की टीम और थाना प्रभारी मौके की ओर रवाना हुए.

आर्मी की टीम को राहत देने जा रहे थे दोनों SPO, तभी जंगल में हुई गोलीबारी

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ऋषिपाल और बॉबी चंद स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) का हिस्सा थे. दोनों बसनान में तैनात सेना की 17 राष्ट्रीय राइफल्स की टीम को राहत देने जा रहे थे. इसी दौरान बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे जंगल में गोलीबारी की खबर मिली. उसी समय मरवाह इलाके में एयरटेल का मोबाइल नेटवर्क भी बंद हो गया था.

BJP विधायक शगुन परिहार ने जताया दुख, अमित शाह से की कार्रवाई की मांग

किश्तवाड़ से BJP विधायक शगुन परिहार ने दो SPO की हत्या को बेहद दुखद घटना बताया है. उन्होंने कहा कि दोनों पुलिसकर्मी बुधवार रात से लापता थे. गुरुवार सुबह करीब 8 बजे एक और 9 बजे दूसरे का शव मिला. शगुन परिहार ने इस घटना के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया और गृह मंत्री अमित शाह से दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने की मांग की. उन्होंने कहा कि दो लोगों की जान जाने के बदले चार गुना ताकत से जवाब दिया जाना चाहिए. शगुन परिहार ने बताया कि वह जल्द ही घटनास्थल के लिए रवाना होंगी.

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30