Viral Video: हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर गुरुवार सुबह करीब 4 बजे एक बाइक सवार ने मौत को चकमा दे दिया. नेपाली फार्म के नजदीक, एक हाथी उसके पेट और सीने पर दो बार पैर रखकर खड़ा हो गया, लेकिन उसके बाद भी वो शख्स सही सलामत अपने दोनों पैरों पर तुरंत खड़ा हो गया. यह नजारा देख सभी हैरान रह गए और उस बाइक सवार को किस्मत का धनी बताने लगे.
‘इसने किस्मत रब से लिखवाई थी’
इस पूरी घटना को वहां से गुजर रहे शिवा शर्मा नाम के कैब ड्राइवर ने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जिसका वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में उन्होंने कहा, ‘हरिद्वार से देहरादून का रूट आसान है, लेकिन हालात नहीं. यहां हाथी किसी भी वक्त रोड पर निकल आते हैं. इस आदमी ने किस्मत रब से ही लिखवाई थी, और ऐसी लिखवाई थी कि बच गया. वरना हाथी के पैर से कोई जिंदा वापस निकल जाए, ऐसा मुमकिन नहीं था.
पास में ही है राजाजी टाइगर रिजर्व
बताते चलें कि हरिद्वार-देहरादून हाईवे का यह हिस्सा राजाजी टाइगर सफारी के आसपास पड़ता है, जहां अक्सर जंगली हाथियों समेत कई वन्यजीव सड़क के करीब दिखाई दे जाते हैं. इसी वजह से इस रूट पर सफर करने वाले लोगों को खास सतर्क रहने की सलाह दी जाती है. खासकर तड़के सुबह और देर रात के समय गाड़ी स्लो स्पीड में चलाने और हाथी दिखने पर उचित दूरी बनाए रखने की सलाह दी जाती है.


















