लक्ष्मी राजवाड़े को मुख्य अतिथि एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी को अध्यक्षता के लिए आमंत्रित करने मांगा सहयोग

रायपुर। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव के नेतृत्व में महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने आज भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष श्री किरणदेव से उनके शासकीय आवास पर सौजन्य भेंट की। इस दौरान आगामी 20 दिसंबर 2026 को रायपुर में आयोजित होने वाले महिला सीनियर सिटीजन पेंशनर्स कल्याण सम्मेलन-2026 में प्रमुख अतिथियों की सहभागिता सुनिश्चित कराने के लिए सहयोग का आग्रह किया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने श्री किरणदेव से आग्रह किया कि सम्मेलन में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी को मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित करने में सहयोग प्रदान करें। साथ ही छत्तीसगढ़ शासन की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े को मुख्य अतिथि तथा महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद एवं अखिल भारतीय महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती रूपकुमारी चौधरी को सम्मेलन की अध्यक्षता के लिए आमंत्रित करने हेतु भी सहयोग मांगा।

महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य वरिष्ठ महिला पेंशनरों के अनुभव, सम्मान, अधिकार, सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तीकरण तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श करना है। इस आयोजन में प्रदेशभर से वरिष्ठ महिला पेंशनरों, महिला पदाधिकारियों एवं सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय प्रतिनिधियों की सहभागिता प्रस्तावित है।

प्रतिनिधिमंडल के आग्रह पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री किरणदेव ने तत्काल महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े से दूरभाष पर चर्चा की। उन्होंने सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी से भी चर्चा करने तथा श्रीमती स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान पेंशनर्स महासंघ के प्रतिनिधियों से उनकी भेंट कराने की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। उन्होंने स्वयं भी इस संबंध में चर्चा करने का भरोसा दिलाया।

महासंघ के प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव के साथ प्रदेश महामंत्री अनिल गोल्हानी, प्रवीण कुमार त्रिवेदी, महिला पेंशनर्स कल्याण प्रकोष्ठ की संयोजक डॉ. शेषा सक्सेना, दैनिक वेतनभोगी पेंशनर्स कल्याण प्रकोष्ठ के संयोजक अनिल पाठक तथा जिला रायपुर के अध्यक्ष आर.जी. बोहरे शामिल थे।

महासंघ ने श्री किरणदेव के सकारात्मक रुख एवं त्वरित सहयोग के आश्वासन के प्रति आभार व्यक्त किया तथा विश्वास जताया कि उनके सहयोग से यह सम्मेलन वरिष्ठ महिलाओं के सम्मान, अधिकारों और सामाजिक सरोकारों को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन सिद्ध होगा।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30