How Air Pollution Damages Kidneys: देशभर के बड़े शहरों में में बढ़ता पॉल्यूशन सिर्फ सांस और फेफड़ों के लिए ही परेशानी नहीं है. इसका असर शरीर के दूसरे हिस्सों पर भी पड़ सकता है. किडनी भी इनमें शामिल है. किडनी शरीर के खून को साफ करने का काम करती है, इसलिए हवा में मौजूद गंदे कणों का लंबे समय तक शरीर में जाना किडनी के लिए भी चिंता की बात हो सकती है.

सीके बिड़ला हॉस्पिटल, गुरुग्राम के कंसल्टेंट-नेफ्रोलॉजी डॉ. मोहित खिरबत ने बताया कि वायु प्रदूषण सिर्फ फेफड़ों के लिए खतरा नहीं है, बल्कि इसका असर किडनी पर भी पड़ सकता है. उन्होंने बताया कि खास तौर पर पीएम2.5 जैसे बेहद छोटे कण खून में पहुंच सकते हैं. ये शरीर में सूजन और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस पैदा कर सकते हैं और खून की नसों को नुकसान पहुंचा सकते हैं. इसका असर किडनी की शरीर से बेकार चीजों को फिल्टर करने की क्षमता पर पड़ सकता है.

इन तरीकों से बच सकते हैं आप

डॉ. मोहित खिरबत के मुताबिक, रिसर्च में लंबे समय तक वायु प्रदूषण के संपर्क में रहने और किडनी की काम करने की क्षमता में गिरावट के बीच संबंध पाया गया है. इसे क्रॉनिक किडनी डिजीज के बढ़ते खतरे से भी जोड़ा गया है. डॉ. मोहित खिरबत ने कहा कि पर्यावरण में मौजूद प्रदूषण के संपर्क से पूरी तरह बचना संभव नहीं है. हालांकि, खराब एयर क्वालिटी वाले दिनों में बाहर कम निकलना, शरीर में पर्याप्त पानी बनाए रखना और ब्लड प्रेशर व ब्लड शुगर को कंट्रोल में रखना किडनी की सेहत को सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं.

किडनी पर कैसे पड़ सकता है पॉल्यूशन का असर?

किडनी का काम शरीर से गंदगी और बेकार चीजों को खून से अलग करना है. इसलिए लंबे समय तक हवा में मौजूद प्रदूषण के संपर्क में रहने से किडनी पर भी असर पड़ सकता है. दुनिया भर में पर्यावरण से जुड़े प्रदूषण को बीमारी और मौत की बड़ी वजहों में माना जाता है. यानी आम लोगों का गंदी हवा के संपर्क में आना पूरी तरह रोक पाना आसान नहीं है. खास तौर पर पीएम2.5 जैसे बहुत छोटे कण चिंता बढ़ाते हैं. कुछ रिसर्च में लंबे समय तक पीएम2.5 के संपर्क में रहने और किडनी की काम करने की क्षमता जल्दी कम होने के बीच संबंध पाया गया है.

पीएम2.5 किडनी को कैसे नुकसान पहुंचा सकता है?

पीएम2.5 हवा में मौजूद बहुत छोटे प्रदूषण वाले कण हैं. ये सांस के साथ शरीर के अंदर जा सकते हैं. लंबे समय तक इनके संपर्क में रहने को मेम्ब्रेनस नेफ्रोपैथी नाम की किडनी की बीमारी के बढ़ते खतरे से जोड़ा गया है. इस बीमारी में किडनी का वह हिस्सा प्रभावित होता है, जो खून को छानने का काम करता है. इसकी वजह से यूरिन के रास्ते शरीर से ज्यादा मात्रा में प्रोटीन बाहर निकल सकता है. यानी लंबे समय तक गंदी हवा में रहने का असर सिर्फ सांस लेने तक सीमित नहीं रह सकता. इसका कनेक्शन किडनी की सेहत से भी देखा गया है.

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30