रिकांगपिओ : हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में बीते तीन दिनों से धधक रही जंगलों की आग अब जानलेवा साबित होने लगी है। जिले के रामानी, चगांव और उरनी गांव के जंगलों में लगी भीषण आग के बीच बुधवार रात एक दर्दनाक हादसा पेश आया। चगांव के जंगल क्षेत्र से गुजर रहे एक वाहन पर अचानक पेड़ से टूटकर जलती हुई लकड़ियां आ गिरीं। इस हादसे में वाहन में सवार 57 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य व्यक्ति घायल हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार रात जब एक वाहन (HP 26A 2943) चगांव के जंगल क्षेत्र से होकर गुजर रहा था, तभी आग की चपेट में आए पेड़ों से जलती हुई लकड़ियां टूटकर सीधे वाहन पर जा गिरीं। इस घटना में वाहन में सवार संजू कुमारी (57) गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस के अनुसार, उन्हें तुरंत जेएसडब्ल्यू अस्पताल शोल्टू ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, इस हादसे में चगांव निवासी अभिषेक कुमार (36) और वीरेंद्र सिंह (43) भी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है।

गौरतलब है कि रामानी, चगांव और उरनी गांव के जंगलों में पिछले तीन दिनों से भीषण आग लगी हुई है, जिस पर काबू पाने में वन विभाग पूरी तरह से बेबस नजर आ रहा है। जंगलों में लगातार फैल रही इस आग के कारण अब सड़कों पर सफर करना भी जोखिम भरा हो गया है। वनाग्नि के चलते पहाड़ियों से पत्थर और पेड़ों से जलती हुई लकड़ियां टूटकर राष्ट्रीय राजमार्ग-5 तथा चगांव-उरनी संपर्क सड़क पर गिर रही हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30