रोहतक : हरियाणा के रोहतक में एक सनसनीखेज हत्याकांड की खबर सामने आई है। यहां खरावड़ पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर दिल दहला देने वाली खूनी वारदात हुई। यहां चार युवकों पर गोलियां बरसाकर मौत के घाट उतार दिया गया।
जानकारी के अनुसार, वारदात रात करीब साढ़े 12 बजे की है। मिलन ढाबे पर कुछ युवक खाना खा रहे थे। इसी दौरान स्विफ्ट कार में सवार होकर पांच हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे। बदमाशों ने बिना कोई मौका दिए युवकों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। अचानक हुई फायरिंग से ढाबे पर अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए वहां मौजूद लोग टेबल और कुर्सियों के पीछे छिप गए। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा।
बताया जा रहा है कि बदमाशों की अंधाधुंध फायरिंग में तीन युवकों की मौके पर ही खाने की टेबल पर मौत हो गई। वहीं, एक युवक जान बचाने के लिए वहां से भागा तो हमलावरों ने उसका पीछा किया और उसे भी गोलियों से छलनी कर दिया। वे कई मिनट तक हथियार लहराते हुए घटनास्थल पर घूमते रहे और इसके बाद फरार हो गए। डीघल निवासी रिंकू, विनित व हर्ष उर्फ राजू और बेरी निवासी हिमांशु को भी मार डाला।
मृतकों में तीन युवक झज्जर जिले के डीघल गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जबकि चौथा युवक बेरी क्षेत्र का निवासी बताया गया है। घटना की सूचना मिलते ही रोहतक पुलिस रेंज के आईजी हामिद अख्तर आधी रात को घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी गौरव राजपुरोहित सहित जिला पुलिस के तमाम वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। सीआईए, स्पेशल सेल और एफएसएल की टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।
प्रारंभिक तौर पर इस वारदात को भाऊ रिटोलिया और सन्नी रिटोलिया के बीच चल रही गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस हत्याकांड के तार पिछले दिनों डीघल गांव में हुए एक युवक के मर्डर से जुड़े हैं। हालांकि, वारदात के पीछे की असली वजह और हमलावरों की पहचान पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
उधर, मृतकों के परिजनों का कहना है कि युवकों की किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं थी। वे केवल खाना खाने के लिए ढाबे पर गए थे। अचानक हुई इस वारदात ने परिवारों को उजाड़ दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं। सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य पहलुओं के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


















