महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार की पहल के बाद छत्तीसगढ़ की सियासत में भी संभावित बदलावों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। यदि लोकसभा में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावित विधेयक पारित होते हैं और नए प्रावधान लागू होते हैं, तो प्रदेश का राजनीतिक भूगोल बदल सकता है। प्रधानमंत्री की सलाहकार परिषद की रिपोर्ट में छत्तीसगढ़ में लोकसभा सीटों की संख्या 11 से बढ़ाकर 17 और विधानसभा सीटें 90 से बढ़ाकर 135 करने का प्रस्ताव बताया गया है। इसके तहत प्रदेश में छह नए लोकसभा और 45 नए विधानसभा क्षेत्र बन सकते हैं।
प्रस्तावित बदलावों में सरगुजा, कांकेर और दुर्ग लोकसभा क्षेत्रों के पुनर्गठन अथवा विभाजन की संभावना भी जताई जा रही है। सीटों की संख्या बढ़ने का असर केवल निर्वाचन क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश के राजनीतिक समीकरणों में भी व्यापक बदलाव हो सकते हैं। मतदाताओं की संख्या, सामाजिक संरचना और शहरीकरण के स्तर को ध्यान में रखते हुए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं नए सिरे से तय की जा सकती हैं। हालांकि, अंतिम तस्वीर परिसीमन की प्रक्रिया और उसके तहत तय होने वाले मानकों के बाद ही स्पष्ट होगी।
नए सिरे से करनी होगी राजनीतिक जमावट
लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की संख्या बढ़ने पर भाजपा और कांग्रेस समेत सभी राजनीतिक दलों को अपनी चुनावी रणनीति नए सिरे से तैयार करनी पड़ सकती है। छह नए लोकसभा और 45 नए विधानसभा क्षेत्र बनने की स्थिति में नए चेहरों के लिए अवसर पैदा होंगे। वहीं मौजूदा नेताओं के प्रभाव क्षेत्र और राजनीतिक भविष्य पर भी इसका असर पड़ सकता है। निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलने से किसी मौजूदा विधायक का क्षेत्र दो हिस्सों में बंट सकता है या उसके कुछ हिस्से दूसरे विधानसभा क्षेत्र में शामिल हो सकते हैं। ऐसे में टिकट के दावेदारों के सामने नए समीकरण बनेंगे। राजनीतिक दलों को जातीय-सामाजिक समीकरण, स्थानीय नेतृत्व और संगठनात्मक ढांचे की भी नए सिरे से समीक्षा करनी होगी।
45 विस सीटें महिलाओं के लिए हो सकती हैं आरक्षित
परिसीमन के साथ महिला आरक्षण का मुद्दा भी राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। प्रस्तावित 135 सदस्यीय विधानसभा में यदि एक-तिहाई सीटों पर महिलाओं के आरक्षण का प्रावधान लागू होता है, तो गणित के अनुसार 45 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं। इससे प्रदेश की राजनीति में महिला प्रतिनिधित्व बढ़ेगा और नए महिला चेहरों को चुनाव लड़ने का अवसर मिल सकता है। हालांकि, किन सीटों पर आरक्षण लागू होगा, यह परिसीमन और आरक्षण की निर्धारित प्रक्रिया के बाद ही तय होगा। फिलहाल राजनीतिक दलों और संभावित दावेदारों की निगाहें संसद में विधेयक की स्थिति और आगे की प्रक्रिया पर टिकी हैं।


















