कोलकाता : पश्चिम बंगाल पुलिस ने कोलकाता पुलिस के एक पूर्व डिप्टी कमिश्नर (डीसीपी) का शव रेलवे ट्रैक से बरामद किया है। उनका शव सियालदह दक्षिण सेक्शन में बाघाजतिन और न्यू गरिया स्टेशनों के बीच पड़ा था। यह कार्रवाई गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने की। प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है। कोलकाता पुलिस के पूर्व डिप्टी कमिश्नर (डीसीपी) प्रभीर कुमार चट्टोपाध्याय (73) का शव मिलने के मामले में पुलिस की प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई गई है।

प्रभीर कुमार दक्षिण कोलकाता के बांसद्रोणी थाना क्षेत्र स्थित बिधानपल्ली के निवासी थे। शुरुआती जांच के अनुसार, पूर्व पुलिस अधिकारी ने चलती ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या की।

रेलवे ट्रैक पर लावारिस लाश की आई सूचना

रेलवे पुलिस के अनुसार, जादवपुर स्टेशन मास्टर ने जादवपुर जीआरपी थाने को एक मेमो भेजा था। एक रेल यात्री से सूचना मिली थी कि बाघाजतिन और न्यू गरिया स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलने के बाद जादवपुर जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची।

जांच में सामने आई पहचान

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सियालदह जाने वाली एक लोकल ट्रेन के सामने व्यक्ति अचानक ट्रैक पर आ गया था। ट्रेन चालक ने पुलिस को बताया कि एक व्यक्ति रेलवे लाइन पर आ गया, जिससे ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। देर रात मृतक की पहचान होने पर पता चला कि वह कोलकाता पुलिस के पूर्व डीसीपी थे।

पत्नी का हो चुका है निधन

पुलिस ने मृतक के परिवार, उनकी विवाहित बेटी और भाई सुबीर चटर्जी से बातचीत की है। परिवार के अनुसार, प्रभीर चट्टोपाध्याय की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था। घर से निकलने से पहले उन्होंने एक पत्र लिखा था। उनकी बेटी ने पुलिस को बताया कि पत्र में उल्लेख था कि उन्हें बालीगंज या सियालदह जीआरपी क्षेत्र में पाया जा सकता है।

आत्महत्या की जांच कर रही पुलिस

मृतक के भाई सुबीर चटर्जी जादवपुर जीआरपी थाने पहुंचे और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। सियालदह जीआरपी के एक अधिकारी ने कहा कि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। जांच के बाद पुलिस को प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या की आशंका है। हालांकि, पुलिस अभी यह सुनिश्चित नहीं कर पाई है कि घर से बरामद पत्र प्रभीर चट्टोपाध्याय ने स्वयं लिखा था या नहीं।

अधिकारियों का कहना है कि यदि यह आत्महत्या का मामला है, तो यह जानना आवश्यक होगा कि उन्हें ऐसा कदम उठाने के लिए किन परिस्थितियों ने मजबूर किया। इस संबंध में अधिक जानकारी जुटाने के लिए पुलिस परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रही है। रेलवे पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है। जांच के तहत संबंधित लोकल ट्रेन के लोको पायलट का बयान भी दर्ज कर लिया गया है।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30