देहरादून: उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शनिवार शाम हुए दर्दनाक हादसे में सात महिलाओं और ड्राइवर की मौत के बाद कोहराम मच गया है। रिखणीखाल क्षेत्र के कलवाड़ी गांव के पास वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। इस घटना में वाहन सवार चार लोग घायल भी हुए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर दुख जताया और मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए तथा घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता देने की घोषणा की थी। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने कहा- उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में हुए हादसे में लोगों की मौत की खबर से बेहद दुख हुआ है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी इस हादसे पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस दुर्घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति मैं गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं।
300 मीटर गहरी खाई में गिरा वाहन
यह हादसा उस समय हुआ जब इको वाहन चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और वाहन करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में सात महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहन रिखणीखाल से भनगलवाड़ की ओर जा रहा था और उसमें 12 लोग सवार थे।
मृतकों की सूची
- कान्ति देवी, पत्नी दिनेश चन्द्र, निवासी भंगलवाड़, उम्र 45 वर्ष
- रेखा देवी, पत्नी प्रेम सिंह, निवासी भंगलवाड़, उम्र 42 वर्ष
- अनिल देबराडा, पुत्र जयानन्द, पता भंगलवाड़, उम्र 48 वर्ष ( चालक)
- सुमित्रा देवी, पत्नी रमेश सिंह, पता भंगलवाड़, उम्र 50 वर्ष
- सुनीता देवी, पत्नी मदन सिंह, पता भंगलवाड़, उम्र 45 वर्ष
- धनेश्वरी देवी, पत्नी किशन चन्द्र, पता भंगलवाड़, उम्र 46 वर्ष
- सरोजनी देवी, पत्नी मोहन सिंह, निवासी भंगलवाड़, उम्र 38 वर्ष
- रजनी देवी, पता भंगलवाड़, उम्र 25 वर्ष
घायलों की लिस्ट
- शशी देवी, पत्नी गजेन्द्र सिंह, पता भंगलवाड़, उम्र 35 वर्ष
- शकुन्तला देवी, पत्नी महेन्द्र सिंह, पता भंगलवाड़, उम्र 45 वर्ष
- जगदीश सिंह, पुत्र भोपाल सिंह निवासी भंगलवाड़
- सत्यवती देवी, पत्नी जगदीश, पता भंगलवाड़, उम्र 36 वर्ष


















