मॉनसूनी बारिश से अचानक आई बाढ़, भूस्खलन और मकान ढहने की घटना में उत्तर के पहाड़ी इलाकों और पूर्व के मैदानी इलाकों में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गयी. दिल्ली में बारिश ने लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत दी है. इधर झारखंड में रविवार को भी बारिश की संभावना है. ओडिशा में कम दबाव का एक क्षेत्र बनने से मूसलाधार बारिश होने के कारण बाढ़ की स्थिति पैदा हो गयी. मध्य प्रदेश के चार जिलों में मूसलाधार से अत्सधिक मूसलाधार बारिश का अनुमान है.
भारी बारिश के कारण एहतियात के तौर पर रोकी गई माता वैष्णो देवी की यात्रा अब फिर से शुरू हो गई है. इससे पहले श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने जानकारी दी थी कि भारी बारिश के मद्देनजर एहतियात के तौर पर रात के समय माता वैष्णो देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही रोक दी गई है.
मौसम विभाग के भोपाल केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी वेद प्रकाश सिंह ने कहा कि शुक्रवार शाम से शुरु हुई बारिश का यह सिलसिला मंगलवार तक जारी रहने की संभावना है. विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश के बड़े हिस्से में शनिवार को बारिश हुई. इनमें से गुना जिले में सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक 44 मिमी बारिश दर्ज की गई. शनिवार को सुबह 8.30 बजे समाप्त हुए 24 घंटों में पूर्वी मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में 86 मिमी बारिश हुई.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कुछ हिस्सों में शनिवार को बारिश होने से अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे चला गया. मौसम विभाग ने रविवार को आसमान में सामान्य रूप से बादल छाए रहने के साथ मध्यम स्तर की बारिश की संभावना जताई है.
रत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मध्य प्रदेश के चार जिलों में मूसलाधार से अत्सधिक मूसलाधार बारिश का अनुमान जताते हुए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है. प्रदेश के बड़े हिस्से में रुक-रुक कर बारिश हो रही है. एक अधिकारी ने बताया कि मौसम विभाग ने नरसिंहपुर, दमोह, सागर और छतरपुर जिलों के लिए 115.6 मिमी या उससे अधिक बारिश की चेतावनी जारी की है और प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और बिजली गिरने का अनुमान लगाते हुए ‘ऑरेंज और येलो अलर्ट’ जारी किया है.



















