रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) को स्टार परफार्मेस अवार्ड से सम्मानित किया गया। विगत 16 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में ब्यूरो आफ एनर्जी एफिशिएंसी (बीईई) के उप महानिदेशक डॉ. अशोक कुमार ने क्रेडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आलोक कटियार को यह पुरस्कार प्रदान किया। के्रडा को यह पुरस्कार ऊर्जा संरक्षण अधिनियम 2001 के तहत ऊर्जा संरक्षण एवं दक्षता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया गया है।



कार्यक्रम का आयोजन सोसाइटी आफ एनर्जी इंजीनियरिंग एंड मैनेजर (एसईईएम) ने किया था। एसईईएम राष्ट्रीय स्तर की त्रिवेंद्रम (केरल) में स्थित गैर लाभकारी संस्था है जो कि ऊर्जा संरक्षण एवं ऊर्जा दक्षता के प्रचार-प्रसार के लिए पिछले 10 वर्षों से सक्रिय रूप से काम कर रही है। संस्था द्वारा प्रतिवर्ष इस क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली औद्योगिक इकाइयों, उत्पादों एवं संस्थाओं को पुरस्कृत किया जाता है। इस वर्ष भी इन क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए 79 संस्थाओं/इकाइयों को पुरस्कृत किया गया। देश की 28 राज्य नोडल एजेंसियों में से के्रडा ही एकमात्र राज्य नोडल एजेंसी है, जिसे पुरस्कृत किया गया है। आपको बता दें कि क्रेडा ने बीईई की प्रदर्शन, उपलब्धि और व्यापार (पीएटी) परियोजना के अंतर्गत कुल 44 औद्योगिक संस्थानों द्वारा प्रदेश में लगभग 2.198 मिलियन टन आफ आयल इक्वीवेलेंट ऊर्जा की बचत कर लगभग 6.67 मिलियन टन का कार्बन उत्सर्जन कम किया गया है। ग्रामीण क्षेत्र में ऊर्जा दक्ष ग्रामों में विकसित किया गया है। इसी तरह 42 स्वास्थ्य केन्द्रों और 23 सरकारी कार्यालयों को मॉडल ऊर्जा दक्ष स्वास्थ्य केन्द्र व माडल ऊर्जा दक्ष भवनों में विकसित किया गया।



















