Sunday, December 14

कृषि एवं किसानों के विकास में छत्तीसगढ़ देश का अग्रणी राज्य: डॉ. महंत

राज्य सरकार किसानों से इस वर्ष 110 लाख मीट्रिक टन धान खरीदेगी: कृषि मंत्री

फार्म टेक एशिया अन्तर्राष्ट्रीय कृषि मेला एवं प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया गया

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर द्वारा राज्य शासन के कृषि विभाग, छत्तीसगढ़ बायोटेक्नोलॉजी प्रमोशन सोसायटी, अन्तर्राष्ट्रीय चावल उत्पाद अनुसंधान संस्थान, मनीला (फिलीपींस), राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक नाबार्ड, कंसल्टेटिव ग्रुप ऑफ इन्टरनेशनल एग्रीकल्चरल रिसर्च, कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा), एनएबीएल तथा अन्य संस्थाओं के सहयोग से 14 से 18 अक्टूबर तक अन्तर्राष्ट्रीय कृषि मड़ई ‘‘एग्री कार्नीवाल 2022’’ का आज यहां शुभारंभ हुआ। छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. चरण दास महंत ने कृषि महाविद्यालय परिसर में आयोजित इस पांच दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय कृषि मड़ई एग्री कार्नीवाल 2022 का उद्घाटन किया। उन्होंने इस अवसर पर आयोजित फार्म टेक एशिया अन्तर्राष्ट्रीय कृषि मेला एवं कृषि प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। समारोह की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ शासन में कृषि मंत्री श्री रविन्द्र चौबे ने की। कार्यक्रम में संसदीय सचिव सुश्री शकुंतला साहू, धरसींवा विधायक श्रीमती अनिता योगेन्द्र शर्मा, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष श्री अग्नि चन्द्राकर, छत्तीसगढ़ राज्य कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष श्री सुरेन्द्र शर्मा, शाकम्भरी बोर्ड के अध्यक्ष श्री रामकुमार पटेल, संचालक कृषि श्री अय्याज एफ. तंबोली, उद्यानिकी विभाग के संचालक श्री माथेश्वरन व्ही., इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के प्रबंध मंण्डल की सदस्य श्रीमती वल्लरी चन्द्राकर, कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल एवं नाबार्ड की मुख्य महाप्रबंधक श्रीमती सुपर्णा टंडन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। अतिथियों ने इस अवसर पर आयोजित ट्रेक्टर सफारी के द्वारा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के प्रक्षेत्रों के भ्रमण किया तथा वहां संचालित कृषि अनुसंधान तथा फसल प्रदर्शनों का अवलोकन किया।
समारोह को मुख्य अतिथि की आसंदी से संबोधित करते हुए डॉ. महंत ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का एक मात्र राज्य है जहां किसानों का विकास और खुशहाली राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अभिनव योजनाएं और कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं जिससे बड़ी संख्या में किसान लाभान्वित हो रहे हैं और उनकी आर्थिक स्थिति लगातार सुदृढ़ हो रही है। डॉ. महंत ने नरवा, गरूवा, घुरवा, बाड़ी योजना को ग्रामीण क्षेत्रों के विकास की दिशा में एक क्रान्तिकारी कदम निरूपित किया। डॉ. महंत ने मौसम चक्र परिवर्तन पर चिंता जताते हुए कृषि वैज्ञानिकों से क्लाईमेट रेजिलियन्ट किस्में विकसित करने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि हमारे पुरखों द्वारा कहावतों और मुहावरों में खेती किसानी एवं मौसम के बारे में गूढ़ बांते कहीं गई हैं जिनको आज के कृषि वैज्ञानिकों द्वारा डिकोड कर कृषि अनुसंधान किये जाने की जरूरत है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कृषि मंत्री श्री रविन्द्र चौबे ने कहा कि छत्तीसगढ़ एक कृषि प्रधान प्रदेश है जहां राज्य सरकार द्वारा किसानों की संमृद्धि और कृषि विकास के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की अर्थ व्यवस्था में कृषि क्षेत्र महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक विकास हेतु राज्य सरकार द्वारा गौठानों में रूरल इंडस्ट्रियल पार्क बनाए जा रहे हैं। श्री चौबे ने कहा कि चालू खरीफ मौसम में राज्य शासन द्वारा किसानों से 110 लाख टन धान खरीदने का लक्षय निर्धारित किया गया है, इसके अलावा धान से बायोफ्यूल बनाने के लिए भारत सरकार से अनुमति मांगी है। उन्होंने बताया कि 17 अक्टूबर को राजीव गांधी न्याय योजना के अंतर्गत किसानों के खातों में 2 हजार करोड़ रूपये डाले जाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि कृषि में चुनौतियां है और भरपूर अवसर भी है, इसलिए कृषि में क्रान्तिकारी परिर्वतन लाना चाहिए।
कार्यक्रम के प्रारंभ में स्वागत भाषण देते हुए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने कहा कि इंदिरा गंाधी कृषि विश्वविद्यालय राज्य सरकार द्वारा कृषि एवं किसानों के विकास के लिए किये जा रहे प्रयासों में सहभागी के रूप में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अन्तर्गत संचालित 49 कृषि महाविद्यालयों एवं 27 कृषि विज्ञान केन्द्रों के माध्य से किसानों को कृषि की नवीनतम प्रौद्योगिकी, अनुसंधान एवं नवाचारों के बारे में जानकारी तथा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही कृषि विश्वविद्यालय कृषक उत्पादक समूहों एवं महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से किसानों को कृषि आधारित रोजागार एवं आजीविका उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। डॉ. चंदेल ने कहा कि एग्री कार्नीवाल 2022 एक अभिनव संकल्पना है जिसके माध्यम से किसानों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को खेती किसानी के विविध रंगों से रूबरू कराया जाएगा। इस पांच दिवसीय मड़ई में लगभग 20 हजार किसान और छात्र शामिल होंगे। मुख्य महाप्रबंधक नाबार्ड छत्तीसगढ़ श्रीमती सुपर्णा टंडन ने इस अवसर पर कहा कि राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक नाबार्ड देश का एक मात्र बैंक है जो किसानों एवं कृषि के विकास के लिए कृत संकल्प है। उन्होंने नाबार्ड द्वारा छत्तीसगढ़ के एक लाख से अधिक किसानों को कृषि आधारित व्यवसाय स्थापित करने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है।
इस अवसर पर फार्मटेक एशिया अन्तर्राष्ट्रीय कृषि प्रदर्शनी एवं कृषक सम्मेलन का शुभारंभ भी अतिथियेां द्वारा किया गया। इस चार दिवसीय कृषि मेले में आधुनिक कृषि की नवीनतम प्राद्यौगिकी, नवाचारों एवं कृषकोपयोगी उत्पादों को प्रदर्शन एवं विक्रय किया जा रहा है। लगभग 15 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में आयोजित इस प्रदर्शनी में देश भर की 130 से अधिक कृषि उत्पाद एवं कृषि यंत्र निर्मित करने वाली कम्पनियों के स्टॉल लगाए गए हैं। प्रदर्शनी के माध्यम से छत्तीसगढ़ के किसान भाई खेती किसानी की आधुनिकतम तकनीकों एवं उत्पादों से रूबरू हो रहे हैं। प्रदर्शनी स्थल पर प्रति दिन कृषि सेमिनारों का आयोजन भी किया जाएगा। प्रदर्शनी में कृषि वैज्ञानिक, कृषि सलाहकार तथा व्यापारी वर्ग भी सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। प्रदर्शनी के दौरान किसानों एवं आम जनता को कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, कृषि अभियांत्रिकी तथा अन्य विभागों से संबंधित कृषक कल्याण योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। यहां कृषि की आधुनिक प्रौद्योगिकी, तकनीकों, कृषि यंत्रों, उन्नत बीजों, खाद एवं उर्वरक तथा कृषि से संबंधित अन्य विषयों पर विषय विशेषज्ञों द्वारा जानकारी प्रदान की जा रही है। प्रदर्शनी में उद्यानिकी फसलों की उन्नत खेती, पौध उत्पादन एवं संरक्षित खेती, जैविक कृषि, कम लागत में उत्तम खेती की विधि का प्रदर्शन किया रहा है। प्रदर्शनी में नवीनतम कृषि प्रौद्योगिकी, कृषि उत्पादों प्रदर्शन एवं विक्रय किया जा रहा है जिनमें विकसित फर्म उपकरण एवं उन्नत कृषि यंत्र, उन्नत सिंचाई प्रणाली (ड्रिप एवं स्प्रिंकलर), उन्नत बीज, उर्वरक एवं कीट नाशक, जैव उर्वरक एवं रसायन, संक्षित खेती के उपकरण, सौर पम्प तथा अन्य उपयोगी कृषि उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जाएगा।

[metaslider id="184930"
Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
December 2025
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
293031