राजसमंद जिले के नाथद्वारा कस्बे में निर्मित 369 फीट ऊंची शिव प्रतिमा ‘विश्वास स्वरूपम’ का लोकार्पण आज होगा। दावा है कि भगवान शिव की अल्हड़ व ध्यान मुद्रा वाली यह प्रतिमा दुनिया की सबसे ऊंची शिव प्रतिमा है। लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कथावाचक मुरारी बापू, योग गुरु बाबा रामदेव, विधानसभा अध्यक्ष डॉ सी.पी. जोशी मौजूद रहेंगे। प्रतिमा का निर्माण तत पदम संस्थान द्वारा किया गया है। संस्थान के ट्रस्टी और मिराज समूह के अध्यक्ष मदन पालीवाल ने कहा कि प्रतिमा के उद्घाटन के बाद 29 अक्टूबर से छह नवंबर तक नौ दिनों तक धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
20 किमी दूर से दिखती है प्रतिमा-नाथद्वारा की गणेश टेकरी पर बनी 369 फीट की ऊंची यह प्रतिमा 20 किलोमीटर दूर से नजर आने लगती है। 51 बीघा की पहाड़ी पर बनी इस प्रतिमा में भगवान शिव ध्यान एवं अल्लड़ की मुद्रा में विराजित है। रात्रि में भी यह प्रतिमा स्पष्ट रूप से दिखाई दे, इसके लिए विशेष लाइट्स से इसकी विद्युत सज्जा की गई है। यह कर्नाटक के मुरुदेश्वर मंदिर में बनीं आदियोगी प्रतिमा से भी बड़ी है। खास बात ये है कि इसको देखने में 4 घंटे का समय लगेगा।
श्रद्धालुओं के लिए प्रतिमा में लिफ्ट की सुविधा-दावा है कि विश्व की सबसे ऊंची शिव मूर्ति की अपनी एक अलग ही विशेषता है। 369 फीट ऊंची इस प्रतिमा में लिफ्ट, सीढ़ियां, श्रद्धालुओं के लिए हॉल बनाया गया है। प्रतिमा के अंदर सबसे ऊपरी हिस्से में जाने के लिए 4 लिफ्ट और तीन सीढ़ियां बनी हैं। प्रतिमा के निर्माण में 10 वर्षों का समय और 3000 टन स्टील और लोहा, 2.5 लाख क्यूबिक टन कं क्रीट और रेत का इस्तेमाल हुआ है।
आंधी-तूफान का भी असर नहीं-प्रतिमा का निर्माण 250 वर्षों की स्थिरता को ध्यानगत रखते हुए किया गया है। 250 किमी रफ्तार से चलने वाली हवाएं भी मूर्ति
को प्रभावित नहीं करेगी। इस प्रतिमा की डिजाइन का विंड टनल टेस्ट (ऊं चाई पर हवा) आस्ट्रेलिया में हुआ है। बरसात और धूप से बचाने के लिए इस पर जिंक की कोटिंग कर कॉपर कलर किया गया, प्रतिमा को तत पदम् संस्थान ने बनवाया है। देश
विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए उदयपुर से महाराणा प्रताप अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 40 किमी और उदयपुर शहर से 45
किमी दूर श्रीनाथ जी की नगरी नाथद्वारा में यह प्रतिमा स्थापित है। राजसमंद जिला मुख्यालय से 15 किमी दूर यह प्रतिमा स्थित है।
सुरक्षा के किए मानक इंतजाम -शिव प्रतिमा के सुरक्षा मानकों का पूर्ण ध्यान रखा गया है। यहां पर फायर सेफ्टी की पूर्ण व्यवस्था की गई है। प्रतिमा के अंदर पानी के टैंक बनाए गए हैं। साथ ही अग्नि शमन के साधनों की भरपूर उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। पर्यटकों के लिए गोल्फ कार्ट की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है। साथ ही पर्याप्त सुरक्षाकर्मियों से परिसर सुरक्षित रहेगा।


















