जमीन विवाद को लेकर भतीजों ने पटवारी कार्यालय के सामने ही चाचा को मौत के घाट उतार दिया। आरोपीगण जमीन के मोह में इतने अंधे हो गये थे कि उन्होंने पिता समान अपने चाचा को नहीं बख्शा और बड़ी बेरहमी से हत्या कर दी गई। बताया जाता है कि आरोपियों ने पत्थर से चाचा का सिर कुचल दिया। यह दिल दहला देने वाली वारदात छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के तनौद गांव हुई है जहां 2 भतीजों का अपने चाचा से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपियों ने अपने चाचा का कत्ल पटवारी दफ्तर के सामने ही किया। पहले तो दोनों भतीजों ने अपने चाचा को पीटा और उसके बाद नीचे गिराकर सिर पर पत्थर पटक दिया। दोनों आरोपी अपने चाचा पर लगातार वार करते रहें। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। चाचा का कत्ल करने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार होने की फिराक में थे लेकिन पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपियों को ज्यूडिशियल रिमांड में भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, बिलासपुर जिले के सोनलोहर्सी गांव से 67 वर्षीय खोरबहरा साहू तनौद गांव में जमीन का सीमांकन कराने पटवारी ऑफिस में पहुंचा था। तभी खोरबहरा के दोनों भतीजे संतोष साहू और उत्तम साहू वहां पहुंचे और सीमांकन का विरोध करने लगे। इसके बाद दोनों भतीजे चाचा से हाथापाई करने लगे तो पटवारी ने उन्हें रोका लेकिन वो नहीं माने। पटवारी दफ्तर के बाहर जाने के बाद भतीजों ने चाचा पर निर्ममता से हमला कर दिया औऱ दनादन पत्थर से वार करने लगे। इस दौरान लोग वीडियो बनाते रहे लेकिन किसी ने रोकने की कोशिश नहीं की।
Related Posts
Add A Comment


















