स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में 2 जवानों के शहीद होने की खबर मिल रही है। यह मुठभेड़ झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में सोमवार की देर शाम करीब 7:00 बजे टोंटो थाना अंतर्गत तुमबाहाका और सरजमबुरू के रास्ते में होने की बात कही जा रही है। शहीद सब इंस्पेक्टर अमित तिवारी और हवलदार गौतम कुमार तुम्बाहाका और सरजमबुरू जंगल के रास्ते में 1 करोड़ के इनामी नक्सली मिसिर दस्ते के साथ हुई इस मुठभेड़ में नक्सलियों से लोहा ले रहे थे। गौतम 2012 बैच के अधिकारी थे। चाईबासा एसपी ने मुठभेड़ में 2 जवानों के शहीद होने की पुष्टि की है। इधर घटना के बाद दोनों जवानों का शव एयरलिफ्ट कर रांची भेजने की बात कही जा रही है, क्योंकि झारखंड जगुआर का हेडक्वार्टर रांची में है। आपको बता दें कि 11 अगस्त को भी इसी थाना क्षेत्र में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में एक जवान शहीद हो गया था, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया था। हालांकि इस हमले के बाद सीआरपीएफ और झारखंड पुलिस ने अभियान चलाकर नक्सलियों के बंकर ध्वस्त कर दिए थे।
Related Posts
Add A Comment


















