नई दिल्ली। भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 92,605 नए मामले सामने आए हैं और 1,133 मौतों के साथ कुल संक्रमितों का आंकड़ा 54 लाख पार कर गया है। कुल 54,00,620 मामलों में 10,10,824 सक्रिय मामले, 43,03,044 ठीक हो चुके और 86,752 मौत शामिल हैं। देश में कोरोना के लिए 19 सितंबर तक 6,36,61,060 सैंपल्स का टेस्ट किया गया। इनमें से कल 12,06,806 सैंपल्स का टेस्ट किया गया। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ने ये जानकारी दी है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि कोरोना रोगियों के ठीक होने के मामले में देश ने अमेरिका को पीछे छोड़ दिया है। इसी के साथ भारत में कोरोना से ठीक होने वाले कोरोना मरीजों की संख्या दुनिया में सर्वाधिक हो गई है। देश में अब तक 42,08,431 कोरोना रोगी स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि अमेरिका में यह संख्या 41,92,774 है। भारत में दुनियाभर में संक्रमण से स्वस्थ हुए लोगों की करीब 19 प्रतिशत संख्या है।


















