सीकर। राजस्थान के सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ में मंगलवार दोपहर भीषण बस दुर्घटना में 12 लोगों की मौत हो गई और 35 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे के आसपास का बताया जा रहा है। एक निजी बस सलेसर से लक्ष्मणगढ़ जा रही थी और फ्लाईओवर के पास मुड़ते समय दीवार से जा टकराई। घायलों को इलाज के लिए लक्ष्मणगढ़ और सीकर के अस्पताल ले जाया गया। 7 की हालत गंभीर होने पर जयपुर रेफर किया गया।
सीकर के पुलिस अधीक्षक भुवन भूषण यादव ने बताया कि बस ने अचानक नियंत्रण खो दिया और फ्लाईओवर की दीवार से टकरा गई। इस हादसे में 12 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 35 से अधिक घायल यात्रियों को लक्ष्मणगढ़ और सीकर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने के लिए राहत कार्य शुरू किया।
एसके अस्पताल सीकर के सुपरिटेंडेंट महेंद्र खींचड़ ने बताया- 37 घायलों को सीकर में लाया गया था, इसमें से 7 को जयपुर रेफर कर दिया गया है। घायलों में अनिल शर्मा (28), साहिल खान (23), अमित (30), लक्ष्यराज सिंह, (5) माया (32), संजू (30), सोनिया (21), वंशिका (12), दीपिका (9), राजेश (34), सावित्री(60) , राहुल (17), पिंकी (30), ममता (32), सौम्या (30), मनीषा, जयकरण, प्रिया, राधा, गोपालराम, वर्षा, हेमंत, अंकित, संपत्ति देवी, अंकित, गुतली, अदीद, रिंकू, कनिका शामिल है।
तेज रफ्तार होने के कारण बस घूम नहीं सकी
बस को लक्ष्मणगढ़ पुलिया से बायीं तरह से जयपुर-बीकानेर रोड की ओर जाना था। तेज रफ्तार में होने के कारण बस पूरी तरह घूम नहीं सकी और सीधे पुलिया से टकरा गई। बस का आगे का 3 से 4 फीट का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
घटनास्थल पर मौजूद से मिली जानकारी में सामने आया कि बस मोड़ते समय पुलिया की दीवार से टकरा गई। हादसे में बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। एक साइड से बस बुरी तरह चकनाचूर हो गई। टक्कर लगते ही बस में चीख पुकार मच गई। ये मंजर देखकर वहां मौजूद सभी लोग मदद के लिए दौड़े। एक-एक कर सभी को नजदीकी लक्ष्मणगढ़ सरकारी अस्पताल ले जाया गया। हादसे की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर सीकर कलेक्टर मुकुल शर्मा, एसपी भवन भूषण यादव, सिटी डीएसपी (आईपीएस) शाहीन सी और एडीएम रतन कुमार मौके पर पहुंचे।
घटना पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, “सीकर के लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में बस दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। मेरी गहरी संवेदनाएं मृतकों के शोकसंतप्त परिवारजनों के साथ हैं। संबंधित अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है। प्रभु राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दें।”

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031