कोरबा। शहर में चौपाटी को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। नगर निगम ने नियमों का उल्लंघन कर रहे ठेले-खोमचे वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ठेलों पर जेसीबी चला दी, जिससे हंगामा मच गया।
नगर निगम ने ओपन थिएटर ग्राउंड के पास गढ़केलवा इलाके में एक व्यवस्थित चौपाटी तैयार की थी, जहां ठेले-खोमचे वालों को बिजली, पानी सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान की गई थीं।
इसके बावजूद कई व्यापारियों ने वहां जाने से इनकार कर दिया और खुले मैदान में ही ठेले लगाने लगे। इस पर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश जारी किए कि यदि चौपाटी का संचालन करना है तो निर्धारित स्थान पर ही किया जाए, अन्यथा अवैध ठेले हटा दिए जाएंगे। आदेश के पालन में अधिकांश ठेले व्यवस्थित चौपाटी में चले गए, लेकिन कुछ ठेलेवाले पुराने स्थान पर ही डटे रहे।
जब इन नियमों का पालन नहीं हुआ, तो नगर निगम ने जेसीबी बुलाकर ठेलों और गुमटियों को हटा दिया। इस कार्रवाई से व्यापारियों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
व्यापारियों का आरोप था कि नई जगह ग्राहक नहीं आ रहे, जिससे उनके व्यवसाय को नुकसान हो रहा है। उन्होंने निगम की कार्रवाई को तानाशाही करार देते हुए आंदोलन की चेतावनी भी दी। नगर निगम का कहना है कि शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए अतिक्रमण हटाना आवश्यक है। अधिकारियों ने साफ कर दिया कि ओपन थिएटर ग्राउंड में अब कोई भी ठेला नहीं लगाने दिया जाएगा और यदि किसी ने दोबारा वहां ठेला लगाया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस विवाद के चलते व्यापारियों और प्रशासन के बीच तनाव बना हुआ है। जहां व्यापारी अपने हक की लड़ाई लड़ने की बात कर रहे हैं, वहीं प्रशासन शहर को व्यवस्थित रखने के अपने फैसले पर अडिग है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इस विवाद का कोई समाधान निकलता है या टकराव और बढ़ता है।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031