What's Hot

उत्तर भारत में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का व्यापक असर अब मैदानी इलाकों में भी साफ दिखाई देने लगा है. मौसम विभाग के अनुसार, 1 फरवरी से एनसीआर के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाओं के कारण दिल्ली-एनसीआर के न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट आ सकती है, जिससे सुबह और रात की ठंड फिर से बढ़ेगी. रविवार से हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी और बारिश शुरू होगी. इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.

दिल्ली-एनसीआर में बदलेगा मौसम

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण रविवार से एनसीआर में ठंडी हवाएं चलेंगी. इसका सीधा असर दिल्ली-एनसीआर, नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में महसूस किया जाएगा. न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आ सकती है. रविवार को एनसीआर में गरज के साथ बारिश की भी संभावना है.

तेज हवाएं चलेंगी, बारिश के आसार

मौसम विभाग ने बताया कि एनसीआर में सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है. शाम और रात के समय तेज हवाओं, बिजली चमकने और हल्की से बहुत हल्की बारिश के आसार हैं. तापमान अधिकतम करीब 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. शनिवार को राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो सीजन के औसत से 1.7 कम है.

AQI अब भी रेड और ऑरेंज जोन में

राजधानी में मौसम में बदलाव के बीच आने वाले दिनों में वायु प्रदूषण (एक्यूआई) में कुछ हद तक सुधार की संभावना है. लेकिन फिलहाल दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में एक्यूआई रेड और ऑरेंज जोन के बीच बना हुआ है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) और दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के विवेक विहार में सबसे ज्यादा 344 एक्यूआई दर्ज किया गया. वजीरपुर, आनंद विहार, आरके पुरम, रोहिणी आदि इलाकों में भी हवा की क्वालिटी ‘बहुत खराब’ रही.

हिमाचल के लिए मौसम विभाग का अलर्ट

अगर आप पहाड़ों का रुख करने की प्लानिंग कर रहे हैं तो मौसम विभाग के पूर्वानुमान पर गौर कर लीजिए. मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के लिए ताजा चेतावनी जारी की है. रविवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही प्रदेश के सभी 12 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. विभाग के मुताबिक, राज्य के कुछ हिस्सों में बिजली कड़कने और गरज के साथ 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है.

3 फरवरी तक बर्फबारी, बारिश की संभावना

मौसम विभाग का कहना है कि हिमाचल प्रदेश के मध्यम और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश का ये दौर 3 फरवरी तक जारी रह सकता है. हालांकि इसी दौरान राज्य के मैदानी और निचले पहाड़ी इलाकों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा. 4 फरवरी से पूरे प्रदेश में मौसम साफ होकर धूप खिलने की उम्मीद जताई गई है.

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930