दिल्ली पुलिस ने एक बड़ी डकैती के मामले का खुलासा किया है. पुलिस ने इस मामले में तीन महिलाओं समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गिरोह का मास्टरमाइंड परवेज अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक 17 फरवरी 2026 को जम्मू निवासी 39 वर्षीय रमेश लाल ने तिमारपुर थाने में शिकायत दी थी. उन्होंने बताया कि वह जम्मू से दिल्ली एक निजी बस से आए थे और उनके पास 15 लाख रुपये नकद तथा करीब 30 लाख रुपये कीमत के 22 एप्पल मोबाइल फोन थे.
महिलाओं ने लगाया झूठा आरोप
सुबह करीब 7:15 बजे जब वह मजनू का टीला बस स्टॉप पर उतरे और ऑटो में बैठने लगे, तभी बस से उतरे तीन पुरुष और तीन महिलाओं ने उन्हें घेर लिया. महिलाओं ने उन पर छेड़छाड़ का झूठा आरोप लगाकर हंगामा किया और इसी दौरान उनके दोनों बैग लूट लिए गए.
मौके पर मौजूद लोगों ने महिलाओं को पकड़ा
दिल्ली पुलिस के मुताबिक मौके पर मौजूद लोगों की मदद से तीनों महिलाओं को तुरंत पकड़ लिया गया, जबकि पुरुष आरोपी बैग लेकर फरार हो गए. घटना सीसीटीवी में भी कैद हुई. पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पूछताछ में सामने आया कि सभी आरोपी जम्मू के रहने वाले हैं और पूरी वारदात पहले से बनाई गई साजिश का हिस्सा थी.
दिल्ली पुलिस ने की जम्मू-पंजाब में छापामार
दिल्ली पुलिस टीम जम्मू और पंजाब में लगातार छापेमारी करती रही. दुर्गम पहाड़ी और जंगल इलाकों में करीब आठ दिन तक तलाश अभियान चलाया गया. पुलिस टीम ने अंधेरे जंगलों में बिना किसी सुविधा के कई रातें बिताईं और करीब 1500 किलोमीटर का सफर तय किया. आखिरकार दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.
दिल्ली पुलिस ने बरामद किया सामान
दिल्ली पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पूरे 15 लाख रुपये नकद, 21 एप्पल आईफोन और पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है. जांच में खुलासा हुआ कि महिलाओं को झूठा आरोप लगाकर ध्यान भटकाने की जिम्मेदारी दी गई थी. जबकि पुरुष आरोपी सामान लेकर भागने वाले थे. फिलहाल मुख्य आरोपी परवेज की तलाश जारी है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.














