नई दिल्ली : अमेरिकी संसद को सौंपी गई एक अहम सालाना रिपोर्ट में बड़ा दावा किया गया है कि मई 2025 के पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की जवाबी कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान चीन ने पाकिस्तान को समर्थन दिया था। रिपोर्ट के मुताबिक, बीजिंग का यह कदम भारत की बढ़ती आर्थिक और सैन्य ताकत से मिलने वाली रणनीतिक चुनौती को साधने तथा भारत के बढ़ते दबाव को कम करने की एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा था। ‘यूएस-चाइना इकोनॉमिक एंड सिक्योरिटी रिव्यू कमीशन’ (USCC) की 2026 की वार्षिक रिपोर्ट में ‘चीन का दूसरा मोर्चा: भारत और इंडो-पैसिफिक में US स्ट्रैटेजी का भविष्य’ शीर्षक से एक पूरा अध्याय इस विषय पर समर्पित है।
पाकिस्तान के कुल हथियार आयात में चीन की हिस्सेदारी 81 प्रतिशत
रिपोर्ट के अनुसार, इसमें शामिल निष्कर्ष फरवरी 2026 की सुनवाई, भारत में फैक्ट-फाइंडिंग दौरे, अधिकारियों व कारोबारी प्रतिनिधियों से बातचीत और अन्य शोध पर आधारित हैं। आयोग ने कहा है कि 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौर से ही पाकिस्तान को समर्थन देना बीजिंग के लिए भारत के साथ शक्ति संतुलन साधने का जरिया रहा है। रिपोर्ट बताती है कि चीन पाकिस्तान का प्रमुख रक्षा आपूर्तिकर्ता है और 2020 से 2024 के बीच पाकिस्तान के कुल हथियार आयात में चीन की हिस्सेदारी 81 प्रतिशत रही। इस नजदीकी ने भारत की उस चिंता को और गहरा किया है कि किसी एक मोर्चे का टकराव दो मोर्चों की चुनौती में बदल सकता है। कमीशन के आकलन के मुताबिक, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान चीन प्रत्यक्ष युद्ध में उतरे बिना संकट के समय पाकिस्तान को मजबूत करने में जुटा रहा।
साइबर हमलों और समुद्री निगरानी के जरिए भी मदद का दावा
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि टकराव के दौरान पाकिस्तान ने चीन से मिले उन्नत हथियारों का इस्तेमाल किया। इसके अलावा, चीनी हैकर्स ने भारत के केंद्रीय सरकारी IT सिस्टम, दूरसंचार और डिजिटल सेवाओं पर बड़े पैमाने पर डिस्ट्रिब्यूटेड डिनायल-ऑफ-सर्विस (DDoS) हमले करने की कोशिश की। हालांकि, आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि उसके पास साइबर हमलों की अंतिम जिम्मेदारी तय करने की क्षमता नहीं है, लेकिन भारतीय महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे (क्रिटिकल इंफ्रास्ट्रक्चर) पर हुए सबसे उन्नत हमले चीनी जमीन से संचालित हुए।
रिपोर्ट के अनुसार, तनाव के दौर में चीन ने भारत के विशेष आर्थिक क्षेत्र (EEZ) के नजदीक उन्नत सेंसर से लैस एक सर्वेक्षण पोत (सर्वे वेसल) और बंगाल की खाड़ी में एक अन्य जहाज तैनात किया, जिनके जरिए भारतीय सैन्य गतिविधियों पर नजर रखते हुए समुद्री माध्यम से पाकिस्तान को खुफिया जानकारी पहुंचाई गई।


















