Parliament Session 2026 LIVE Updates: सरकार की तरफ से विपक्ष के विरोध के बावजूद संसद के विशेष सत्र के पहले दिन गुरुवार को तीनों विधेयक पेश किया गया. पीएम मोदी ने कहा कि विपक्ष इतिहास से सबक ले.
महिला आरक्षण की आड़ में नीयत कुछ और है: धर्मेंद्र यादव
सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर पीएम मोदी के भाषण पर कहा, ‘मैंने जब आपत्ति जताई थी तब भी कहा था कि महिला आरक्षण की आड़ में नीयत कुछ और है. इनकी नीयत पूरे देश को असम, कश्मीर बनाने की है, जिस तरह वहां परिसीमन हुआ. महिला आरक्षण बिल पर देश की सभी पार्टियां साथ थी, 2023 में सर्वसम्मति से यह पारित हुआ. आखिर परिसीमन की नई बात क्यों निकलकर आ रही है? सरकार खुद महिलाओं की आड़ में पूरे देश की व्यवस्था को अपनी तरह से चलाना चाहती है जिसका विपक्ष विरोध कर रहा है.’
कांग्रेस ने देश को पहली महिला प्रधानमंत्री दिया: केसी वेणुगोपाल
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा, ‘पीएम मोदी आए और सिर्फ महिला आरक्षण पर बोलकर चले गए. उनका भाषण पूरा का पूरा ड्रामा था. कांग्रेस ने देश को पहली महिला प्रधानमंत्री दिया.’
देश में अनुभवी नारी शक्ति की कमी नहीं: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में महिला आरक्षण और परिसीमन पर कहा, ‘हमारे देश में अनुभवी नारी शक्ति की कोई कमी नहीं है. उनके सामर्थ्य में कोई कमी नहीं है, हम भरोसा कर रहे हैं कि वे योगदान देंगी और बहुत अच्छा योगदान देंगी.’
900 से ज्यादा शहरों में अर्बन लोकल बॉडीज की हेड हैं बहनें: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, ‘देश में करीब 650+ जिला पंचायतें हैं. करीब पौने तीन सौ महिलाएं उसका नेतृत्व करती हैं. एक कैबिनेट मीनिस्टर से ज्यादा जिम्मेदारी होती है उन पर, काम करती हैं वो. करीब 6,700 ब्लॉक पंचायतों में से करीब 2700 से अधिक ब्लॉक पंचायतें ऐसी हैं, जिनका नेतृत्व महिलाओं के हाथ में हैं. आज देश में 900+ शहरों में अर्बन लोकल बॉडीज की हेड के रूप में बहनें कार्यरत हैं. मैं मानता हूं, आज देश जो प्रगति कर रहा है, इनका भी महत्वपूर्ण योगदान है, इस ऋण को हमें स्वीकार करना चाहिए.’
बिल पास हो जाए तो क्रेडिट आप ले लेना: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, ‘कुछ लोगों को लगता है, इससे कहीं न कहीं मोदी का राजनीतिक स्वार्थ है. अगर इसका विरोध करेंगे तो स्वाभाविक है कि राजनीतिक लाभ मुझे होगा, अगर साथ चलेंगे तो किसी को भी नुकसान नहीं होगा.’ उन्होंने कहा, ‘हमें क्रेडिट नहीं चाहिए जैसे ही बिल पारित हो जाए तो मैं एड देकर सबको धन्यवाद देने को तैयार हूं. सामने से क्रेडिट का ब्लैंक चेक आपको दे रहा हूं.’
हम इस भ्रम में न रहें कि हम महिलाओं को कुछ दे रहे हैं: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, ‘अगर आप मुझसे गारंटी शब्द का इस्तेमाल करने को कहते हैं तो मैं गारंटी शब्द का इस्तेमाल करता हूं. अगर आप मुझसे कोई वादा करने को कहते हैं, तो मैं वादा शब्द का इस्तेमाल करता हूं. क्योंकि जब इरादा स्पष्ट होता है, तो शब्दों से खेलने की कोई जरूरत नहीं होती. मैं सदन में अपने साथियों से कहना चाहता हूं कि हमें इस भ्रम में नहीं रहना चाहिए कि हम इस देश की महिलाओं को कुछ दे रहे हैं. यह उनका अधिकार है.’
समय की मांग है कि अब हम ज्यादा विलंब न करें: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, ‘2023 में जब हम इस पर चर्चा कर रहे थे, तब लोग कह रहे थे, जल्दी करो. 2024 में संभव नहीं हो पाया, क्योंकि इतने कम समय में नहीं हो पाता. अब 2029 में हमारे पास समय है, अगर 2029 में भी नहीं करेंगे तो स्थिति क्या बनेगी हम कल्पना कर सकते हैं. समय की मांग है कि अब हम ज्यादा विलंब न करें.’
ये राष्ट्रहित का निर्णय: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, ‘आज मैं आपसे अपील करने आया हूं कि इसको राजनीति के तराजू से मत तोलिए, ये राष्ट्रहित का निर्णय है. 2023 में इस नए सदन में हमने सर्वसम्मति से नारी शक्ति वंदन अधिनियम को स्वीकार किया था. पूरे देश में खुशी का वातावरण बना और उस पर कोई राजनीतिक रंग नहीं लगा, इसलिए ये राजनीतिक मुद्दा नहीं बना. ये अच्छी स्थिति है. अब सवाल ये है कि अब हमें कितने समय तक इसे रोकना होगा?’
कल्याण बनर्जी पर पीएम मोदी ने तंज कसा
लोकसभा में पीएम मोदी ने टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी पर तंज कसा. कल्याण बनर्जी की ओर इशारा करते पीएम ने कहा, ‘यहां पर बोलने दीजिए. वहां पर मुंह पर ताला लगा हुआ है. क्रेडिट का ब्लैंक चेक आपको दे रहा हूं.’
सब साथ आएं तो ये लोकतंत्र के पक्ष में जाएगा: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, ‘अगर हम सब साथ आ जाते हैं तो इतिहास गवाह है, ये किसी एक के राजनीतिक पक्ष में नहीं जाएगा. ये देश के लोकतंत्र के पक्ष में जाएगा, देश की सामूहिक निर्णय शक्ति के पक्ष में जाएगा और हम सब उस यश के हकदार होंगे. न ट्रेजरी बैंक उसका हकदार होगा और न ही मोदी उसका हकदार होगा. इसलिए जिन किसी को भी इससे राजनीति की बू आ रही है, वो पिछले 30 साल के खुद के परिणामों को देख लें.’



















