पंजाब : पुलिस जिला बटाला के अंतर्गत आने वाले गांव भोमा में सोमवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब सैर कर रहे तीन लोगों पर मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान कश्मीर सिंह और युगराज सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही बटाला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
एसएसपी बटाला मेहताब सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि इस वारदात का रंगदारी या किसी संगठित गिरोह से कोई संबंध नहीं है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल इलाके में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।



















