नई दिल्ली. अभिनेत्री नव्या नायर और पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह ने केरल के एक रंगारंग कार्यक्रम में मंच साझा किया जिसका वीडियो सामने आते ही दोनों चर्चा का विषय बन गए. इस वीडियो में दोनों को एक साथ हंसते-मुस्कुराते देखा जा रहा है जिसके बाद से अलग-अलग तरह की अटकलें लगनी शुरू हो गईं. अब लोग ये जानना चाहते हैं कि आखिर युवराज सिंह संग दिख रहीं ये एक्ट्रेस कौन हैं.
मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में जब भी प्रतिभाशाली और प्रभावशाली अभिनेत्रियों का जिक्र होता है, तो नव्या नायर का नाम जरूर लिया जाता है. अपनी सहज अदाकारी, पारंपरिक अंदाज और भावनात्मक किरदारों के जरिए उन्होंने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है. दो दशक से अधिक लंबे करियर में नव्या ने न सिर्फ कई यादगार फिल्में दीं, बल्कि यह भी साबित किया कि प्रतिभा और मेहनत के दम पर लंबे समय तक सफलता हासिल की जा सकती है. शानदार अभिनय के लिए नव्या नायर ने कई अवॉर्ड्स भी जीते हैं.
नव्या नायर का असली नाम धन्या वीणा नायर है. उनका जन्म 14 अक्टूबर 1985 को केरल के अलाप्पुझा जिले के चेप्पाड में हुआ. बचपन से ही उन्हें डांस और अभिनय में गहरी रुचि थी. उन्होंने कम उम्र में ही भरतनाट्यम की ट्रेनिंग शुरू कर दी थी, जिसका प्रभाव बाद में उनके स्क्रीन प्रेजेंस में भी देखने को मिला.
नव्या ने 2001 में मलयालम फिल्म इष्टम से अभिनय की दुनिया में कदम रखा. पहली ही फिल्म में उनके स्वाभाविक अभिनय ने दर्शकों का ध्यान खींचा. हालांकि उन्हें असली पहचान अगले ही वर्ष रिलीज हुई फिल्म नंदनम से मिली.
फिल्म ‘नंदनम’ नव्या नायर के करियर की सबसे महत्वपूर्ण फिल्मों में गिनी जाती है. इस फिल्म में उनके भावपूर्ण अभिनय ने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया. इस भूमिका के लिए उन्हें केरल राज्य फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया. आज भी यह फिल्म और इसमें निभाया गया उनका किरदार दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय है.
मलयालम फिल्मों के अलावा नव्या ने तमिल और कन्नड़ फिल्मों में भी काम किया. कन्नड़ फिल्म गजा उनकी उल्लेखनीय सफल फिल्मों में शामिल है. अलग-अलग भाषाओं में काम करके उन्होंने अपनी बहुमुखी प्रतिभा साबित की.
अब अगर एक्ट्रेस की पर्सनल लाइफ की बात करें तो 2010 में नव्या ने मुंबई के बिजनेसमैन संतोष मेनन से शादी की. शादी के बाद उन्होंने फिल्मों से लंबा ब्रेक ले लिया था. नव्या अपने परिवार के साथ समय बिताना चाहती थीं. कपल का एक बेटा है जिसका नाम कृष है.
कुछ समय के ब्रेक के बाद नव्या ने ‘ओरुथी’ से फिल्मों में वापसी की. इस फिल्म में उनके अभिनय को समीक्षकों और दर्शकों ने खूब सराहा. इसके बाद उन्होंने एक बार फिर साबित किया कि वह आज भी उतनी ही प्रभावशाली अभिनेत्री हैं.



















