रुद्रप्रयाग। श्री बदरी-केदार मंदिर समिति ने केदारनाथ मंदिर में वीआईपी दर्शन व्यवस्था को लेकर नई संशोधित मानक प्रचालन विधि (एसओपी) जारी की है। जिसमें अब वीआईपी दर्शन करने वालों की 1100 रुपये की पर्ची मंदिर समिति काटेगी।
बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या और स्थानीय स्तर पर मिले सुझावों के आधार पर मंदिर समिति ने यह निर्णय लिया है, ताकि सामान्य यात्रियों के दर्शन पर कम प्रभाव पड़े और गणमान्य व्यक्तियों के दर्शन सुगम एवं समयबद्ध हो सकें।
मंदिर-समिति के मुख्य कार्याधिकारी सोहन रांगड ने जारी आदेश में कहा कि जिला प्रशासन अथवा मंदिर समिति को राज्य सरकार से प्राप्त प्रोटोकाल सूचना के आधार पर ही विशेष दर्शन पर्ची जारी की जाएगी।
इसके लिए प्रति व्यक्ति को 1100 रुपये की सहयोग राशि जमा करनी होगी, जिसकी रसीद भी दी जाएगी।
हालांकि राज्य अतिथियों और उनके परिवार को इस शुल्क से छूट प्रदान की गई है। नियमों के उल्लंघन पर संबंधित कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वीआईपी दर्शन को लेकर लगातार विवाद की स्थिति बन रही है, केदारनाथ में वीआईपी गेट पर भारी संख्या में भक्त दर्शनों को उमड़ रहे हैं, जिससे लगातार धक्का-मुक्की की स्थिति बन रही है। इसको देखते हुए मंदिर ही समिति ने यह निर्णय लिया है।



















