राजौरी: जिले के नौशेरा उपमंडल के कलाल गांव में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा घट गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नौशेरा-कलाल सड़क मार्ग पर एक मोटरसाइकिल, जिस पर दो लोग सवार थे, अचानक अनियंत्रित हो गई। इस दौरान बाइक पहले सड़क किनारे चल रही एक महिला से टकराई और उसके बाद एक पानी के टैंकर से जा भिड़ी। हादसे में बाइक सवार लगभग 60-65 वर्षीय बौधराज निवासी कलाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मोटरसाइकिल चालक और घायल महिला को गंभीर चोटें आई हैं।
दोनों घायलों को उपचार के लिए उप जिला अस्पताल नौशेरा में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने बढ़ते सड़क हादसों पर चिंता व्यक्त करते हुए सड़क सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाने की मांग की है।



















