What's Hot

Patna PMCH Fire: पीएमसीएच के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में सोमवार की दोपहर भीषण आग लग गयी. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते विभाग में रखीं कीमती मशीनें, जरूरी सामान और दस्तावेज जल कर राख हो गये. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है. प्राथमिक रूप से भीषण गर्मी के कारण शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की संभावना जतायी जा रही है.

घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

घटना की जानकारी मिलने पर दमकल की पांच गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य में जुट गयीं. फायर ब्रिगेड की टीम को आग बुझाने में करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. जिला फायर कमांडेंट रितेश पांडेय ने बताया कि आग लगने की सूचना कंट्रोल रूम को दोपहर 2.10 बजे मिली थी. सूचना मिलते ही तुरंत पांच दमकल की गाड़ियां भेजी गयीं. फिलहाल आग को पूरी तरह बुझा लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच करायी जायेगी.

विभाग में चल रही थी परीक्षा

बताया जाता है कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय विभाग में दो शिफ्टों में परीक्षा चल रही थी. परीक्षा लगभग खत्म होने पर थी और सभी लोग बाहर निकलने की तैयारी में थे. इसी दौरान अचानक पूरा विभाग काले धुएं से भर गया और आग की तेज लपटें निकलने लगीं. स्थिति को भांपते हुए बिजली की सप्लाई को तुरंत बंद किया गया, लेकिन तब तक आग पूरे विभाग में फैल चुकी थी. इस हादसे में वहां रखे कीमती उपकरण, फर्नीचर व अन्य दस्तावेज जल कर खाक हो गये, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है.

पीएमसीएच में पहले भी हो चुकी हैं आगजनी की घटनाएं

पीएमसीएच में सुरक्षा इंतजामों को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं, क्योंकि यहाँ आग लगने की यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले दो माह पूर्व पीएमसीएच के पैथोलॉजी विभाग में भी आग लग गयी थी, हालांकि उसे समय रहते तुरंत बुझा दिया गया था. इसके अलावा पीएमसीएच के स्त्री व प्रसूति विभाग के पुराने भवन में भी आग लगने की घटना सामने आ चुकी है. गौर करने वाली बात यह है कि हर बार शॉर्ट सर्किट से ही आग लगने की आशंका जतायी जाती है, लेकिन इसके स्थाई समाधान को लेकर ठोस कदम नहीं दिख रहे हैं.

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930