मोहाली: मोहाली के फेज-11 में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने अपनी प्रेमिका द्वारा बात करने से इनकार किए जाने पर गुस्से में आकर उसकी सरेआम हत्या कर दी। वारदात के दौरान दफ्तर में काम कर रही युवती की गर्दन पर आरोपी ने तब तक चाकू से वार किए, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। बताया जा रहा है कि युवती, जिसकी पहचान 29 वर्षीय डिंपल के रूप में हुई है, पर करीब 35 बार चाकू से हमला किया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक ने खुद पर भी चाकू से कई वार कर लिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पटियाला के रहने वाले थे दोनों
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल युवक को मोहाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उसकी पहचान 34 वर्षीय हरजिंदर मान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक और युवती दोनों पटियाला के रहने वाले थे और फेज-11 स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। जानकारी के अनुसार दोनों पहले प्रेम संबंध में थे, लेकिन पिछले कुछ दिनों से उनके बीच किसी बात को लेकर मनमुटाव चल रहा था। बताया जा रहा है कि गुरुवार को युवक ने युवती को मनाने की कोशिश की, लेकिन उसने उससे बात करने से इनकार कर दिया। इससे गुस्से में आए युवक ने कंपनी के दफ्तर में ही युवती की गर्दन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
डॉक्टरों ने डिंपल को किया मृत घोषित
युवती की हालत देखकर आरोपी ने खुद की जान लेने की नीयत से अपनी गर्दन पर भी चाकू से कई वार किए। घटना के बाद कंपनी के अन्य कर्मचारी मौके पर इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी। दोनों घायलों को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया, जबकि हरजिंदर का इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही थाना फेज-11 के प्रभारी अमन बैदवान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। इस दौरान फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर खून के नमूने एकत्र किए। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल की वीडियोग्राफी भी करवाई गई है।
पुलिस के अनुसार मृतका डिंपल और घायल हरजिंदर के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। युवती के परिवार के बयान दर्ज किए जाने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



















