गुजरात के वडोदरा जिले से भीषण हादसे की खबर आ रही है. यहां लग्जरी बस और ट्रक की टक्कर में 5 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 26 से ज्यादा लोग घायल हैं. हादसा कोटंबी स्टेडियम के पास हुआ, जहां लग्जरी बस ने एक ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी. फिलहाल, NDRF और SDRF की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं.
बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुई लग्जरी बस राजस्थान के बांसवाड़ा से गुजरात के सूरत जा रही थी. इस बीच वडोदरा में इसका एक्सीडेंट हो गया. हादसे के बाद से हालोल से आने वाले रास्ते पर भारी ट्रैफिक जाम है.
हादसे के कारणों का नहीं चला पता
रेस्क्यू टीम ने घायलों को तत्काल रूप से SSG अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया है. पुलिस ने जानकारी दी है कि सूरत जा रही यह बस बालाजी ट्रैवल्स की लग्जरी बस थी. बस के ड्राइवर ने आगे खड़े ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी. घटना की सूचना मिलते ही SDRF, NDRF और वडोदरा फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और यात्रियों को बाहर निकालने का बचाव अभियान शुरू किया.
अभी तक यह पता नहीं चला है कि यह हादसा कैसे हुआ? क्या इसमें ड्राइवर की लापरवाही थी या फिर बस में कोई तकनीकी दिक्कत, पुलिस दोनों एंगल से जांच कर रही है.



















