दिल्ली के लोधी कॉलोनी इलाके में 28 साल की नवविवाहिता आकृति की संदिग्ध हालत में मौत का मामला सामने आया है। महज 70 दिन पहले आकृति की शादी हुई थी। इस मामले में लड़की के परिवार की तरफ से उसके ससुराल वालों पर आरोप लाए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार शनिवार शाम वह हर रोज की तरह छतरपुर से ऑफिस से निकली थी। शाम करीब 6 बजे उसने अपनी मां से फोन पर बात की थी। इसके बाद उसने दोबारा अपनी मां को कॉल किया था और उसके आखिरी शब्द थे कि मां मैं साकेत पहुंच गई हूं। लेकिन इसके घंटों के बाद ही परिवार को उसकी मौत की खबर आ गई।

ऑफिस में शादी की पार्टी दी

परिजनों के अनुसार आकृति की शादी 24 अप्रैल को हुई थी और शनिवार को उन्होंने शादी के बाद पहली बार अपने ऑफिस में सहकर्मियों को पार्टी भी दी थी। वह हाल ही में दोबारा नौकरी पर लौटी थीं। ऐसे में परिवार का कहना है कि जो युवती कुछ घंटे पहले खुशी-खुशी ऑफिस में पार्टी दे रही थी, वह अचानक आत्महत्या जैसा कदम कैसे उठा सकती है। इसी वजह से परिजन इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। साथ ही परिजनों का यह भी आरोप है कि शादी के 10 दिन बाद ही आकृति के पति और ससुराल वालों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था।

परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

आकृति के परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद पति और ससुराल वाले दहेज को लेकर उन्हें प्रताड़ित करने लगे थे। परिवार का यह भी दावा है कि जहां शव मिला, वहां खून के निशान नहीं थे, इसलिए उन्हें आत्महत्या की बात पर भरोसा नहीं है। वहीं पुलिस का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

15 किलोमीटर दूर मिला शव

शादी के बाद आकृति अपने पति आरस्तु सिक्का के साथ पुष्प विहार में रहती थीं। लेकिन हैरानी की बात यह है कि उनका शव घर से करीब 15 किलोमीटर दूर लोधी कॉलोनी के पालिका कुंज में मिला। पुलिस को उनका मोबाइल, पर्स और चप्पल तीसरी मंजिल की छत पर पड़े मिले। हालातों को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि उन्होंने ऊपर से छलांग लगाई होगी। हालांकि सबसे बड़ा सवाल अभी भी यही है कि जब आकृति ने मां को बताया था कि वह साकेत पहुंच गई हैं, तो फिर वह पालिका कुंज तक कैसे पहुंचीं। फिलहाल पुलिस इसी पूरे घटनाक्रम की कड़ी जोड़ने और हर पहलू की जांच करने में जुटी है।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31