सूरजपुर – जिले के बिश्रामपुर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद लापता हुए एसईसीएल (SECL) के सेवानिवृत्त कर्मचारी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 65 वर्षीय भारत यादव, निवासी केशव नगर के रूप में हुई है। पुलिस को प्रारंभिक जांच में जहर सेवन की आशंका है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
पुलिस के अनुसार, भारत यादव का घर में किसी मामूली बात, कपड़े सुखाने को लेकर, परिवार के सदस्यों से विवाद हो गया था। विवाद के बाद वह नाराज होकर घर से निकल गए। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।
अगली सुबह गांव में उनका शव मिलने की सूचना पर बिश्रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटनास्थल पर शव के पास उल्टी के निशान मिलने से पुलिस जहर सेवन की आशंका जता रही है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों से पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि मृतक किसी मानसिक तनाव या अन्य कारणों से परेशान थे या नहीं।



















