Road Accident Kerala : केरल के कन्नूर जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। कुदाली के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। इस भयानक हादसे में कार सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल है। पुलिस के मुताबिक सभी मृतक बेंगलुरु से अपने एक रिश्तेदार के विवाह समारोह में शामिल होने कन्नूर आ रहे थे।
पुलिस के अनुसार यह हादसा शुक्रवार रात करीब 11 बजकर 20 मिनट पर हुआ जब कार एक पेड़ से टकराकर पूरी तरह से चकनाचूर हो गई। कार में 20 से 23 वर्ष की आयु के पांच युवक सवार थे। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में केवल एक युवक जीवित बचा है लेकिन उसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है।
वह त्रिशूर का रहने वाला है। मट्टानूर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों में दो केरल के एक हैदराबाद का और एक उत्तर प्रदेश का निवासी था। उन्होंने बताया कि सभी बेंगलुरु से कन्नूर में अपने एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने जा रहे थे।



















