इंदौर | मध्यप्रदेश के इंदौर में एक 20 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना शहर के MIG थाना क्षेत्र की है जहां युवती एक किराए के कमरे में रहती थी। किराए के कमरे में ही युवती का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला है। पुलिस के मुताबिक छात्रा राजगढ़ जिले के ब्यावरा की रहने वाली थी और इंदौर में रहकर BCA की पढ़ाई के साथ ही VFX डिजाइनिंग का कोर्स कर रही थी। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।
कमरे में फांसी लगाकर की खुदकुशी
20 वर्षीय वैष्णवी बनावड़े मूल रूप से राजगढ़ जिले के ब्यावरा की रहने वाली थी। वो इंदौर में MIG थाना क्षेत्र में नेहरू नगर गली नंबर-2 में एक किराए के मकान में रह रही थी। वैष्णवी निजी कॉलेज से बीसीए की पढ़ाई करने के साथ ही वीएफएक्स डिजाइनिंग का कोर्स कर रही थी। बार-बार मोबाइल पर फोन करने के बाद भी जब वैष्णवी ने फोन नहीं उठाया तो परिचित युवक उसके कमरे पर पहुंचा था, लेकिन काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला तो उसने मकान मालिक को सूचना दी। इसके बाद मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़ा तो अंदर वैष्णवी फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी।

दीवार पर लिखा मिला सुसाइड नोट
वैष्णवी ने जिस कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या की है उस कमरे की दीवार पर चॉक से अंग्रेजी में लिखा एक संदेश मिला है। इसमें लिखा है- ‘मैं मरना चाहती हूं और मैं इसके लिए किसी को ब्लेम नहीं करती हूं। मैं अपने आप को ब्लेम करती हूं क्योंकि मैं इतनी अनवर्थी हूं। मैं अपने बॉयफ्रेंड, मम्मी और भाई से बहुत प्यार करती हूं। ये मेरे पिता और दादी की गलती है। मैं सभी से प्यार करती हूं।’ पुलिस के मुताबिक करीब एक साल पहले वैष्णवी की दोस्ती एक युवक से हुई थी और फिर दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। पुलिस ने वैष्णवी के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और हर पहलू से जांच करने की बात कह रही है।



















