बिलासपुर –  बिलासपुर में गुरुवार रात से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। शहर की पॉश कॉलोनियों से लेकर निचली बस्तियों तक जलभराव की स्थिति है। मुख्य सड़कें और बाजार घुटनों तक पानी में डूब गए हैं, जबकि कई ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूल परिसरों में भी पानी भर गया है।

हालात को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने जिले के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। लगातार बारिश के कारण छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया।

बारिश से बिगड़े हालात के बीच कलेक्टर ने शुक्रवार की अपनी सभी बैठकें भी रद्द कर दीं। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को फील्ड में रहकर स्थिति की लगातार निगरानी करने और राहत कार्यों में जुटने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने बताया कि जिले के कई इलाकों में 3 से 4 फीट तक पानी भरने की सूचना मिली है। ऐसे क्षेत्रों में तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम और जनपद पंचायत के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण करने तथा जलभराव की स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है।

साथ ही लोक निर्माण सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को सड़क, नदी और नालों की स्थिति का निरीक्षण कर पानी के बहाव का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। जहां जरूरत हो, वहां तत्काल बैरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया है।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लगातार बारिश की संभावना को देखते हुए वे जरूरतमंद लोगों के संपर्क में रहें और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएं। साथ ही सभी जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाए रखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031