सोनीपत : सोनीपत में कानून व्यवस्था को धता बताते हुए बदमाशों ने सरेआम मारपीट की वारदात को अंजाम दिया है। खाकी के खौफ से बेखौफ बदमाशों ने न्यायालय से लौट रहे दो भाइयों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस वारदात का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बदमाश लाठी-डंडों से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। फिलहाल खरखौदा थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
तस्वीरें बताने के लिय काफी है कि सोनीपत में क्या चल रहा है। यह घटना सोनीपत के खरखौदा में हुई, जहां गांव फरमाना निवासी अनुज उर्फ निक्कू और रोहित उर्फ रवि पर हमला किया गया। दोनों भाई एक पुराने आपराधिक मामले में निर्धारित तारीख पर खरखौदा न्यायालय में पेशी के लिए आए थे। न्यायिक अधिकारी के अवकाश पर होने के कारण दोनों ने अपनी हाजिरी दर्ज कराई और पैदल बस अड्डे की तरफ लौट रहे थे।
कोर्ट परिसर के पास स्थित सरकारी स्कूल के पास सफेद रंग की ब्रेज़ा कार में सवार 4-5 बदमाशों ने लाठी-डंडों से दोनों भाइयों पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमला आपसे रंजीत को लेकर किया गया है। इस हमले में दोनों भाइयों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज रोहतक पीजीआई में चल रहा है।
खरखौदा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इस घटना ने सोनीपत में कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



















