शिमला: हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में नैशनल हाईवे-5 पर मंगलवार देर रात एक भयानक सड़क हादसा सामने आया है। टापरी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत करछम डैम के पास एक ट्रक और ऑल्टो कार के बीच हुई आमने-सामने की खौफनाक टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें नाजुक हालत में हायर सैंटर रैफर किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक ऑल्टो कार में कुल चार लोग सफर कर रहे थे। जब यह कार करछम डैम के समीप पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक ट्रक से इसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिमला जिले के रामपुर तहसील के गौरा गांव निवासी 34 वर्षीय नीजू राम पुत्र केन राम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग बुरी तरह जख्मी हुए हैं, जिनकी पहचान अशोक कुमार (45) पुत्र मनसुआ निवासी गांव कोठी (कल्पा) व जिला किन्नौर, यशपाल नेगी (50), पुत्र स्वर्गीय यंगदास निवासी ब्रेलिंगी, तहसील कल्पा, जिला किन्नौर और साहिल निवासी सराहन, तहसील रामपुर व जिला शिमला के रूप में की गई है।
देर रात हाईवे पर हुए इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घटना की सूचना टापरी पुलिस को दी। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलैंस के जरिए छोल्टू (शोल्टू) स्थित अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत हायर सैंटर रैफर कर दिया।
हादसे के बाद पुलिस ने मृतक युवक के शव को कब्जे में ले लिया है। आज पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी करने के शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। वहीं टापरी पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रक ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल, इस हादसे की असल वजह सामने नहीं आ पाई है। पुलिस की टीम घटनास्थल का बारीकी से मुआयना कर रही है और तकनीकी साक्ष्य जुटा रही है ताकि यह साफ हो सके कि हादसे में लापरवाही किसकी थी।



















