Chhapra News: बिहार में सारण जिले के भगवान बाजार थाना क्षेत्र में एक निजी विद्यालय के शिक्षक को छात्रा से छेड़छाड़ करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह निजी विद्यालय छपरा शहर में पुलिस अधीक्षक और जिला पदाधिकारी के आवास के सामने स्थित है।
इस विद्यालय में कार्यरत आरोपी शिक्षक इमाम राजा जिले के इसुआपुर थाना क्षेत्र का निवासी है, जो वर्तमान में नगर थाना क्षेत्र के कटहरीबाग मोहल्ला में रहता है, और विद्यालय में गणित पढ़ाता है। सूत्रों ने बताया कि आरोपी शिक्षक विद्यालय के छात्राओं से हमेशा ही अश्लील बातें करने के साथ ही छात्राओं को सोशल मीडिया पर भी अश्लील वीडियो क्लिप भेजा करता था, जिसकी शिकायत एक छात्रा ने विद्यालय के प्राचार्य के साथ ही अपने परिजनों से की।
इस शिकायत के बाद आज विद्यालय पहुंचे परिजनों ने उक्त शिक्षक की पिटाई भी की। सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उक्त शिक्षक को गिरफ्तार कर छात्रा के परिजनों से मिले आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।



















