देहरादून: उत्तराखंड में मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तीकरण की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा ऐलान किया है। तीलू रौतेली जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 13 महिलाओं को तीलू रौतेली पुरस्कार और 35 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार से सम्मानित किया। इसी दौरान मुख्यमंत्री ने तीलू रौतेली पुरस्कार की सम्मान राशि 51 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये और आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार की राशि 51 हजार से बढ़ाकर 61 हजार रुपये करने की घोषणा की।

तीलू रौतेली जयंती पर 48 महिलाओं का सम्मान

मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित समारोह में प्रदेश की 13 महिलाओं और 35 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि उनका योगदान उत्तराखंड की अन्य महिलाओं और बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

उन्होंने कहा कि तीलू रौतेली जयंती उत्तराखंड के इतिहास और नारी शक्ति के स्वाभिमान से जुड़ा गौरवशाली अवसर है। वीरांगना तीलू रौतेली अदम्य साहस और पराक्रम की प्रतीक हैं। उत्तराखंड वीरों के साथ-साथ वीरांगनाओं की भूमि भी रही है और जब भी नारी शक्ति के साहस की चर्चा होगी, तीलू रौतेली का नाम सम्मान के साथ लिया जाएगा।

तीलू रौतेली पुरस्कार की राशि अब 75 हजार रुपये

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2023 में तीलू रौतेली पुरस्कार की सम्मान राशि को 31 हजार रुपये से बढ़ाकर 51 हजार रुपये किया था। अब इसे 51 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये करने का निर्णय लिया गया है।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930