गोपेश्वर: उत्तराखंड के चमोली जिले में 12 दिन पहले लापता हुए सीमा सड़क संगठन (BRO) के हेड कांस्टेबल पंकज रूधौला का शव शनिवार को बरामद कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि 10 अगस्त को बहुत भारी बारिश के कारण जिले की ज्योतिर्मठ तहसील क्षेत्र के लोंग सेगड़ी गांव के समीप तमक नाले में आए तेज पानी एवं मलबे की चपेट में आने के बाद रुधौला लापता हो गए थे। रुधौला, बीआरओ की 123 इकाई में बतौर चालक तैनात थे। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से लगातार चलाए जा रहे सघन तलाशी अभियान के दौरान धौलीगंगा नदी के किनारे भलागांव के समीप रुधौला का शव बरामद किया गया।
पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), बीआरओ तथा सेना की गढ़वाल राइफल्स की टीमें लगातार अभियान में जुटी रहीं। पुलिस ने बताया कि तमक नाले एवं आसपास के संभावित स्थानों के साथ-साथ नदी के किनारे भी सघन खोजबीन की गई। पुलिस के मुताबिक, तलाशी अभियान में श्वान दस्ते और ड्रोन की भी मदद ली गई।



















