मुंबई – 90 के दशक का बॉलीवुड संगीत आज भी लोगों की यादों में बसा हुआ है। उस दौर में कुमार सानू, उदित नारायण जैसे गायकों की आवाजें हर घर में सुनाई देती थीं। अब एक बार फिर उस सुनहरे दौर की यादें ताजा होने वाली हैं। दरअसल, बॉलीवुड के दो दिग्गज प्लेबैक सिंगर कुमार सानू और उदित नारायण ने हाल ही में मुलाकात की। इस दौरान कुमार सानू ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए नए खास प्रोजेक्ट की ओर इशारा किया।
कुमार सानू ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर उदित नारायण के साथ एक तस्वीर शेयर की। फोटो में दोनों पुराने दोस्तों की तरह एक-दूसरे को गले लगाते नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर के साथ कुमार सानू ने लिखा, ”अपने प्यारे दोस्त उदित नारायण से मिलकर बहुत अच्छा लगा। कुछ अच्छा आने वाला है। कुमार सानू के इस छोटे से कैप्शन ने फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है। हालांकि, दोनों ने अभी यह साफ नहीं किया है कि वह किस प्रोजेक्ट पर साथ काम कर रहे हैं। लेकिन इस पोस्ट के बाद माना जा रहा है कि दोनों की आवाजें जल्द ही किसी नए गाने में एक साथ सुनाई दे सकती हैं।
कुमार सानू और उदित नारायण इससे पहले भी कई गानों में साथ काम कर चुके हैं। दोनों ने साथ में ‘तेरी मेरी दोस्ती’, ‘बेवफा बहुत दिन घूमे’, ‘छोटे छोटे भाइयों के बड़े भैया’, ‘हम साथ-साथ हैं’ और ‘अपना बॉम्बे टॉकीज’ जैसे गानों में आवाज दी है।



















