शामली: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या को लेकर पुलिस जांच में जुटी है। इसके पीछे पश्चिमी यूपी से हरियाणा तक के कनेक्शन खंगाले जा रहे हैं। इस बीच हत्या की जिम्मेदारी गोगी गैंग से जुड़े बताए जा रहे भोलू सहापुरिया ने सोशल मीडिया स्टेटस के जरिए ली है। जिसके बाद पुलिस जांच का फोकस हत्या के पीछे रंगदारी, पुरानी रंजिश और गैंग से जुड़े विवादों पर टिक गया है।
अंकित बालियान इन दिनों सोनीपत में अपने वीडियो और गानों की शूटिंग कर रहे थे। बताया जा रहा है कि रंगदारी की धमकियों के चलते उन्होंने करीब सात महीने पहले सोनीपत में रहना छोड़ दिया था और अपने गांव के नजदीक शामली शहर में रहने लगे थे। परिजनों और करीबियों के मुताबिक, अंकित को कथित तौर पर लगातार धमकियां मिल रही थीं। हालांकि इन धमकियों की जानकारी पुलिस को दिए जाने की बात सामने नहीं आई है।
जिम से लौटते वक्त बनाया निशाना
बताया जा रहा है कि अंकित जिम करने के बाद पैदल अपने घर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान उन पर हमला किया गया। हत्या से करीब एक घंटे पहले ही अंकित ने सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो भी शेयर किया था। वह अपने गीत भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान को लेकर भी चर्चित रहे थे।हत्या के बाद सामने आए भोलू सहापुरिया के सोशल मीडिया स्टेटस ने मामले को नया मोड़ दे दिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश किसने रची और इसमें किन लोगों की भूमिका रही।
कौन है गोगी गैंग
गोगी गैंग का नाम दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा के अपराध जगत में लंबे समय से सामने आता रहा है। इस गैंग का नाम गैंगवार, रंगदारी, जमीनों पर कब्जे और सुपारी किलिंग जैसे गंभीर अपराधों से जोड़ा जाता रहा है। गैंग की शुरुआत गैंगस्टर जितेंद्र मान सिंह उर्फ गोगी के नाम से हुई। दिल्ली के अलीपुर निवासी गोगी के खिलाफ हत्या और रंगदारी समेत कई आपराधिक मामले दर्ज रहे। हरियाणवी सिंगर हर्षिता दहिया हत्याकांड समेत कई चर्चित मामलों में भी गोगी गैंग का नाम सामने आया था।



















