फरीदाबाद: फरीदाबाद में ढाई साल के मासूम बच्चे के घायल होने का मामला सामने आया है. बच्चे की गर्दन पर तेजधार ब्लेड से हमला किए जाने का आरोप उसकी मां पर लगा है. घटना के बाद बच्चा लहूलुहान हालत में मिला. सूचना मिलते ही डायल 112 की ईआरवी टीम मौके पर पहुंची और प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को सिविल अस्पताल पहुंचाया.

पिता को फोन पर मिली सूचना: पुलिस की मानें तो बच्चे के पिता एक कंपनी में नौकरी करते हैं. इससे पहले भी बच्चे के घायल होने की घटना सामने आई थी. इसके बाद पिता ड्यूटी के दौरान रोजाना करीब एक से डेढ़ घंटे के लिए घर आने लगे थे. बुधवार सुबह भी वह ड्यूटी के लिए निकले थे. दोपहर में घर लौटते समय उन्हें फोन पर बच्चे के घायल होने की सूचना मिली.

घर पहुंचते ही देखा लहूलुहान बच्चा: फोन आने के बाद पिता तुरंत घर पहुंचे. वहां करीब ढाई साल का उनका बेटा घायल अवस्था में मिला. उसकी गर्दन के पास से खून निकल रहा था. पिता ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी ने बच्चे की गर्दन पर किसी तेजधार ब्लेड से हमला किया है. बच्चे को इस हालत में देखकर परिवार में अफरा-तफरी मच गई और उसे तत्काल अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई.

डायल 112 टीम ने मौके पर दिया प्राथमिक उपचार: सूचना मिलते ही नबीनगर चौकी क्षेत्र की डायल 112 ईआरवी टीम मौके पर पहुंची. पुलिसकर्मियों ने बच्चे की हालत देखकर तत्काल कार्रवाई की. ईआरवी में मौजूद फर्स्ट एड बॉक्स से दवाइयां और पट्टी निकालकर बच्चे की गर्दन पर लगाई गई और प्राथमिक उपचार दिया गया. इसके बाद पुलिस टीम बच्चे को सिविल अस्पताल लेकर पहुंची.

समय पर अस्पताल पहुंचने से बची बच्चे की जान: इधर, सिविल अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे का इलाज शुरू किया. समय पर पुलिस टीम के पहुंचने और बच्चे को अस्पताल ले जाने से उसकी हालत संभल गई. फिलहाल बच्चा पहले से बेहतर है. घटना के बाद पुलिस ने बच्चे की मां को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चे पर कथित तौर पर हमला किस परिस्थिति में हुआ और इसके पीछे क्या वजह रही. बच्चे के पिता की शिकायत पुलिस को मिल चुकी है. मामले की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

जांच में जुटी पुलिस: मामले में पुलिस प्रवक्ता यशपाल यादव ने बताया कि, “बच्चे की गर्दन पर हमला किए जाने की सूचना मिलते ही नबीनगर चौकी क्षेत्र की डायल 112 ईआरवी टीम तत्काल मौके पर पहुंची. बच्चे की गर्दन से खून निकल रहा था. पुलिसकर्मियों ने ईआरवी के फर्स्ट एड बॉक्स से दवाइयां और पट्टी निकालकर प्राथमिक उपचार किया और बच्चे को अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल पुलिस बच्चे की मां से पूछताछ कर रही है और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.”

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31