एजेंसियां— कोलंबो, भारत के कप्तान शुभमन गिल ने कोलंबो टेस्ट ड्रॉ होने पर कहा, हमने वह सब कुछ किया, जो हम कर सकते थे। यह शानदार मुकाबला था और मुझे लगता है कि टेस्ट क्रिकेट की जीत हुई। गिल ने कहा, फॉलोऑन का फैसला उल्टा नहीं पड़ा, मौसम को ध्यान में रखते हुए यह हमारा सबसे अच्छा निर्णय था। रिजल्ट के लिहाज से तीन मैच अच्छे होते हैं। वल्र्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के लिए क्वॉलिफाई करने पर उन्होंने कहा, यह प्रतिशत अंकों पर निर्भर करता है।
टीम का जीतना जरूरी
मैच के बाद प्लेयर ऑफ द सीरीज देवदत्त पडिक्कल ने कहा, अगर हम यह मैच जीतते तो बेहतर होता। ईमानदारी से कहूं तो परिस्थितियां काफी समान थीं। यहां भी पिच धीमी थी। पडिक्कल ने कहा, मैं रन बनाकर खुश हूं। इससे फर्क नहीं पड़ता कि वे रन मैंने किस नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए बनाए। उन्होंने कहा, सबसे जरूरी है कि टीम जीते। यह युवा टीम है और अभी काफी काम करना है।



















