पूरा देश आज रक्षाबंधन का त्योहार मना रहा है. भाई-बहन एक दुसरे को राखी बांध रहे हैं. इस बीच देश के राजनीतिक गलियारों में भी भाई-बहन के रिश्ते की तस्वीरें नजर आईं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक ने बच्चों के साथ यह खास त्योहार मनाया. बच्चों ने दोनों नेताओं की कलाई पर राखी बांधी और इस दौरान कई प्यारे पल कैमरे में कैद हुए. इन तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर भी खूब ध्यान खींचा. दूसरी तरफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ एक तस्वीर शेयर की. दोनों भाई-बहन की तस्वीर के साथ राहुल ने देशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं. यानी त्योहार के दिन सियासत से अलग नेताओं का एक पारिवारिक और भावुक अंदाज देखने को मिला.
रक्षाबंधन वैसे तो भाई और बहन के प्यार, भरोसे और अपनेपन का त्योहार है. लेकिन जब देश के बड़े राजनीतिक चेहरे इस मौके को अपने अंदाज में मनाते हैं तो उनकी तस्वीरें भी चर्चा में आ जाती हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने 7 लोक कल्याण मार्ग पर बच्चों के साथ रक्षाबंधन मनाया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित ‘स्नेहबंधन’ कार्यक्रम में बच्चों से राखी बंधवाई. राहुल गांधी ने प्रियंका गांधी के साथ पुरानी यादों से जुड़ी तस्वीर साझा की. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी देशवासियों को बधाई दी और इस पर्व को महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और गरिमा की जिम्मेदारी से जोड़ा. बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी अपनी बहनों के साथ रक्षाबंधन मनाया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 लोक कल्याण मार्ग पर बच्चों के साथ रक्षाबंधन मनाया. इस दौरान बच्चों ने उन्हें राखी बांधी. पीएम मोदी ने इस मुलाकात के कुछ यादगार पल सोशल मीडिया पर साझा किए. तस्वीरों में बच्चों के साथ उनका सहज अंदाज दिखाई दिया. प्रधानमंत्री ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘7, लोक कल्याण मार्ग पर रक्षाबंधन समारोह के कुछ यादगार पल,’ उन्होंने उम्मीद जताई कि यह त्योहार स्नेह और सद्भाव के रिश्तों को और मजबूत करेगा तथा सभी के जीवन में खुशियां और समृद्धि लेकर आएगा. बच्चों के साथ पीएम मोदी की तस्वीरें सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी आने लगीं.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी रक्षाबंधन का त्योहार बच्चों के साथ मनाया. लखनऊ में आयोजित ‘स्नेहबंधन’ कार्यक्रम में बच्चों ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी. इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने बच्चों से मुलाकात की और उनके साथ समय बिताया. कार्यक्रम की तस्वीरों में त्योहार का उत्साह साफ नजर आया. मुख्यमंत्री ने भी सोशल मीडिया के जरिए इस खास मौके की झलक साझा की. रक्षाबंधन पर आयोजित यह कार्यक्रम सिर्फ रस्म तक सीमित नहीं रहा. बच्चों और मुख्यमंत्री के बीच बातचीत और राखी बांधने के इन पलों ने इसे एक भावनात्मक अवसर बना दिया.



















