Viral Video: वडोदरा की आकांक्षा सिंह ने रक्षाबंधन पर घर सामान पहुंचाने आए एक डिलीवरी बॉय को राखी बांधी। इसके बाद डिलीवरी बॉय ने अपनी नई बहन को 50 रुपये का शगुन दिया और कहा, ‘अब बहन बोला है ना।’ दोनों की इस प्यारी मुलाकात का वीडियो 39 लाख से ज्यादा लोगों का दिल जीत चुका है।
रक्षाबंधन का रिश्ता सिर्फ खून के रिश्तों तक सीमित नहीं होता। कई बार जिंदगी में कुछ लोग अचानक मिलते हैं और कुछ ही मिनटों में ऐसा अपनापन दे जाते हैं, जो लंबे समय तक याद रह जाता है। गुजरात के वडोदरा से सामने आया एक ऐसा ही वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है। वडोदरा की रहने वाली आकांक्षा सिंह ने रक्षाबंधन के मौके पर अपने घर सामान पहुंचाने आए एक डिलीवरी बॉय को राखी बांध दी। दोनों की यह मुलाकात भले ही कुछ मिनटों की थी, लेकिन इस दौरान जो भावनात्मक पल कैमरे में कैद हुआ, उसने लाखों लोगों को प्रभावित किया। वीडियो को अब तक 39 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में आकांक्षा घर का दरवाजा खोलती नजर आती हैं। इसके बाद वह मुस्कुराते हुए डिलीवरी बॉय का स्वागत करती हैं और उसकी कलाई पर राखी बांधती हैं। राखी बांधने के बाद आकांक्षा उसके पैर छूकर आशीर्वाद भी लेती हैं। अचानक मिले इस सम्मान और अपनापन ने डिलीवरी बॉय को भी भावुक कर दिया। उसके चेहरे पर दिख रही खुशी और मुस्कान ने सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींच लिया।



















