नई दिल्ली/टीम डिजिटल। टेलीविजन के चर्चित क्राइम शो ‘क्राइम पेट्रोल’ का नया सीजन दर्शकों के लिए खास होने वाला है। लंबे समय से अपराध की सच्ची घटनाओं से प्रेरित कहानियां पेश करने वाले इस शो में अब बॉलीवुड सुपरस्टार अजय देवगन की एंट्री होने जा रही है। अभिनेता शो के नए एडिशन ‘क्राइम पेट्रोल: क्राइम का करंट’ के स्पेशल होस्ट के तौर पर नजर आएंगे।
‘क्राइम पेट्रोल: क्राइम का करंट’ का प्रीमियर आज यानी 31 अगस्त 2026 को सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और Sony LIV पर होगा। अजय देवगन अपनी खास स्क्रीन प्रेजेंस के साथ दर्शकों को उन कहानियों से रूबरू कराएंगे, जो वास्तविक अपराध मामलों से प्रेरित होंगी।
अपराध की कहानियों के जरिए जागरूक करेंगे अजय
शो के साथ जुड़ने को लेकर अजय देवगन ने कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा दिलचस्प यह बात लगती है कि शो की कहानियां अपराध के वास्तविक मामलों से प्रेरित हैं। उनके मुताबिक, इनमें से कुछ घटनाएं बेहद चौंकाने वाली होती हैं, क्योंकि ये दिखाती हैं कि हमारे आसपास की दुनिया में किस तरह की चीजें हो सकती हैं और कभी-कभी अपराध में ऐसे लोग भी शामिल होते हैं, जिन पर कोई शक तक नहीं करता।
अजय ने यह भी कहा कि इन मामलों को सुलझाने में पुलिस और जांच टीमों की मेहनत और लगातार प्रयास देखने को मिलते हैं। उनके लिए यह शो सिर्फ मनोरंजन या दिलचस्प कहानियां पेश करने तक सीमित नहीं है, बल्कि दर्शकों को जागरूक करने का काम भी करता है।
किसी पर आंख मूंदकर भरोसा न करें
अजय देवगन के मुताबिक, ऐसे मामलों को देखने से लोगों को अपने आसपास की परिस्थितियों को लेकर ज्यादा सतर्क रहने में मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि यह शो लोगों को ज्यादा जागरूक और सावधान करता है और याद दिलाता है कि किसी पर भी आंख मूंदकर भरोसा नहीं करना चाहिए। अभिनेता ने माना कि यह जागरूकता हर उम्र के लोगों के लिए जरूरी है, चाहे वे युवा हों, परिवार हों या बुजुर्ग।
टीवी पर नए अंदाज में नजर आएंगे अजय देवगन
हिंदी सिनेमा में कई यादगार किरदार निभा चुके अजय देवगन अब टेलीविजन पर एक अलग जिम्मेदारी संभालते नजर आएंगे। ‘क्राइम पेट्रोल’ देश की चर्चित क्राइम फ्रेंचाइजी में से एक है और अब अजय के जुड़ने से इसके नए सीजन को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ गई है।



















